विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना-गया रेलखंड में सबसे ज्यादा बेटिकट यात्री, आठ महीने में 45.93 करोड़ जुर्माना

Published: Fri, 11 Sep 2026 08:46 PM (IST)

दानापुर मंडल में जनवरी से अगस्त तक 8.11 लाख बेटिकट यात्री पकड़े गए, जिनसे रेलवे ने 45.93 करोड़ रुपये से ...और पढ़ें

गुरुवार को दानापुर स्टेशन पर टिकट जांच का निरिक्षण करते दानापुर मंडल के एडीआरएम ऑपरेशन वीरेन्द्र कुमार और सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ (जागरण)

गुरुवार को दानापुर स्टेशन पर टिकट जांच का निरिक्षण करते दानापुर मंडल के एडीआरएम ऑपरेशन वीरेन्द्र कुमार और सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ (जागरण)

HighLights

  1. जनवरी-अगस्त में 8.11 लाख बेटिकट यात्री पकड़े गए।

  2. रेलवे ने 45.93 करोड़ रुपये से अधिक जुर्माना वसूला।

  3. पटना-गया रेलखंड पर बेटिकट यात्रियों की संख्या सर्वाधिक।

जागरण संवाददाता, पटना। पटना-गया रेलखंड पर बेटिकट सफर करने वालों की संख्या दानापुर मंडल के दूसरे रेलखंडों की तुलना में काफी अधिक है। जनवरी से अगस्त 2026 के बीच दानापुर मंडल में चलाए गए टिकट जांच अभियानों में 8,11,061 यात्रियों को बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ पकड़ा गया।

रेलवे ने इन यात्रियों से 45 करोड़ 93 लाख 17 हजार 329 रुपये जुर्माना वसूला। मंडल के अलग-अलग हिस्सों में हुई कार्रवाई में अकेले पटना-गया रेलखंड से करीब 40 प्रतिशत मामले सामने आए हैं।

लोकल और मेमू ट्रेनों में बढ़ाई गई जांच

दानापुर मंडल में दानापुर-किऊल, किऊल-झाझा, किऊल-गया, पटना-गया, पटना-बक्सर और बक्सर-दिलदारनगर रेलखंड शामिल हैं।

इन सभी रूट पर रेलवे की नियमित टिकट जांच के साथ समय-समय पर विशेष अभियान भी चलाए जाते हैं। खासकर लोकल और मेमू ट्रेनों में जांच बढ़ाई गई है, क्योंकि इन ट्रेनों में कम दूरी के लिए बड़ी संख्या में यात्री रोजाना सफर करते हैं।

कम दूरी और रोजाना सफर से बढ़ी बेटिकट यात्रा

पटना-गया रेलखंड पर बेटिकट यात्रियों की अधिक संख्या के पीछे कई वजहें हैं। पटना से जहानाबाद, तारेगना, मखदुमपुर और गया तक बड़ी संख्या में दैनिक यात्री आते-जाते हैं।

इनमें नौकरीपेशा लोगों के साथ विद्यार्थी, छोटे कारोबारी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा भी शामिल हैं। कम दूरी की यात्रा होने के कारण कुछ यात्री टिकट लेने को लेकर लापरवाही बरतते हैं।

भीड़ में टिकट लेने से बचने की कोशिश

सुबह और शाम के व्यस्त समय में ट्रेनों में भीड़ अधिक रहती है। ऐसे में कई यात्री टिकट लेने के लिए काउंटर की कतार में लगने के बजाय सीधे ट्रेन पकड़ने की कोशिश करते हैं।

यही लापरवाही जांच के दौरान उनके लिए भारी पड़ती है। रेलवे की लगातार जांच के कारण अब ऐसे यात्रियों में पकड़े जाने का डर भी बढ़ा है।

50-65 रुपये के किराये के लिए 500 से अधिक का जोखिम

टिकट जांच अभियान का असर टिकट बिक्री पर भी दिखाई देने लगा है। संबंधित रेलखंडों के स्टेशनों पर काउंटर से खरीदे जाने वाले टिकटों की बिक्री में 20 से 25 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है।

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि जांच अभियान से यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करने में मदद मिली है। गया से पटना या जहानाबाद से पटना और मसौढ़ी से पटना की यात्रा का जनरल टिकट महज 50 से 65 रुपये का है।

बिना टिकट पकड़े जाने पर देना पड़ सकता है भारी जुर्माना

रेलवे नियम के मुताबिक बिना टिकट यात्रा करते पकड़े जाने पर यात्री से निर्धारित किराये के साथ न्यूनतम 500 रुपये अतिरिक्त शुल्क वसूला जाता है।

यानी केवल 500 रुपये देकर मामला खत्म होना जरूरी नहीं है। यात्री ने जितनी दूरी की यात्रा की है, उसके अनुसार किराया और निर्धारित अतिरिक्त शुल्क लिया जा सकता है। परिस्थितियों के अनुसार रेलवे अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई भी हो सकती है।

काउंटर की कतार से बचने के कई विकल्प

यात्रियों के पास टिकट लेने के लिए काउंटर के अलावा कई सुविधाएं उपलब्ध हैं। अनारक्षित टिकट के लिए यूटीएस मोबाइल एप का इस्तेमाल किया जा सकता है।

आरक्षित यात्रा के लिए आइआरसीटीसी की वेबसाइट और मोबाइल एप से टिकट बुक करने की सुविधा है। स्टेशनों पर लगे आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) से भी अनारक्षित टिकट लिया जा सकता है।

ट्रेन में चढ़ने से पहले टिकट लेना जरूरी

रेलवे की ओर से लगातार अपील की जा रही है कि यात्री ट्रेन में सवार होने से पहले टिकट जरूर लें। कम दूरी की यात्रा या ट्रेन में भीड़ होने को टिकट नहीं लेने का कारण मानना यात्रियों के लिए महंगा पड़ सकता है। वैध टिकट लेकर यात्रा करने से यात्री जुर्माने से बचने के साथ आराम से सफर भी कर सकेंगे।

दानापुर मंडल में जारी रहेगा जांच अभियान

दानापुर मंडल में टिकट जांच अभियान जारी रहेगा। लोगों को जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है। यात्री अधिकृत टिकट लेकर ही यात्रा करें। इससे वे जुर्माने से भी बच सकेंगे और आराम से यात्रा कर सकेंगे। जांच अभियान का असर है कि काउंटर टिकट बिक्री बढ़ी है।

अभिनव सिद्धार्थ, सीनियर डीसीएम, दानापुर मंडल

आठ महीने में महीनेवार कार्रवाई का आंकड़ा

महीना बेटिकट/अनियमित यात्री वसूली (रुपये)
जनवरी 99,580 4,52,07,619
फरवरी 91,831 3,96,39,346
मार्च 1,00,401 4,44,53,842
अप्रैल 94,254 4,18,69,986
मई 1,45,835 8,66,30,804
जून 1,07,293 6,98,79,888
जुलाई 1,02,217 8,32,69,958
अगस्त 59,750 4,83,65,886
कुल 8,01,161 45,93,17,329