विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Indian Railway: पटना-बक्सर और झाझा-दानापुर पेंडुलम ट्रेनें बनीं भरोसे का सफर; यहां देखें टाइमटेबल

Published: Mon, 09 Feb 2026 07:54 PM (IST)

Railway News: दानापुर मंडल द्वारा संचालित पटना-बक्सर और झाझा-दानापुर पेंडुलम फास्ट पैसेंजर ट्रेनें दैनिक यात्रियों के लिए बेहद लोकप्रिय हो ...और पढ़ें

पटना-बक्‍सर और पटना-झाझा रूट पर यात्रियों को राहत। सांकेत‍िक तस्‍वीर

पटना-बक्‍सर और पटना-झाझा रूट पर यात्रियों को राहत। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. दानापुर मंडल की पेंडुलम ट्रेनें दैनिक यात्रियों को राहत दे रही हैं।

  2. पटना-बक्सर और झाझा-दानापुर रूट पर विशेष सुविधाएँ उपलब्ध।

  3. उच्च शक्ति वाले WAG-12 इंजन, समयबद्धता और शौचालय सुविधा।

जागरण संवाददाता, पटना। इन दिनों दानापुर मंडल द्वारा परिचालित दो पैसेंजर ट्रेनों की विशेष लोकप्रियता देखने को मिल रही है। पेंडुलम की तरह संचालित ये दोनों गाड़ियां दैनिक यात्रियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

दैनिक यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दानापुर मंडल द्वारा पेंडुलम सेवा के रूप में पटना–बक्सर तथा झाझा–दानापुर के बीच फास्ट पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।

इन ट्रेनों से सरकारी कर्मचारियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा विभिन्न संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में दैनिक यात्रियों को विशेष राहत मिल रही है।

मुंबई मेट्रो सिटी की तर्ज पर दैनिक यात्रियों को मिल रही विशेष सुविधा

इन ट्रेनों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इनमें मधेपुरा में निर्मित अत्यंत उच्च शक्ति वाले डब्ल्यूएजी-12 इंजन का उपयोग किया जा रहा है, जो देश के उच्च कोटि के इंजनों में गिने जाते हैं।

इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्री सुबह राज्य की राजधानी पटना पहुंचकर दिनभर अपने कार्य निपटाते हैं और शाम को समय पर अपने घर लौट जाते हैं।

वर्तमान में बक्सर और पटना के बीच पेंडुलम सेवा के तहत गाड़ी संख्या 53202 बक्सर से सुबह 6:30 बजे प्रस्थान कर डुमरांव, रघुनाथपुर, बिहियां, आरा, कुलहड़िया, बिहटा और दानापुर स्टेशनों पर रुकते हुए 9:15 बजे पटना जंक्शन पहुंचती है।

वापसी में गाड़ी संख्या 53201 पटना–बक्सर फास्ट पैसेंजर पटना जंक्शन से शाम 5:40 बजे खुलकर रात 8:35 बजे बक्सर स्टेशन पहुंचती है।

इसी प्रकार झाझा और दानापुर के बीच संचालित पेंडुलम सेवा के अंतर्गत गाड़ी संख्या 53203 झाझा–दानापुर फास्ट पैसेंजर झाझा से सुबह 3:40 बजे प्रस्थान करती है। 

यह जमुई, मननपुर, किऊल, लखीसराय, मनकठा, डुमरी, बड़हिया, हाथीदह, मोकामा, बाढ़, अथमलगोला, बख्तियारपुर, चंपापुर हाल्ट के रास्‍ते आगे बढ़ती है। 

टेका बीघा, सालिमपुर बिहार हाल्ट, करौटा, मंझौली ग्राम हाल्ट, खुसरूपुर, हरदास बीघा, बुद्धदेव चक यादव नगर, फतुहा, पटना साहिब, गुलजारबाग, राजेंद्रनगर और पटना जंक्शन (सुबह 7:55/8:00 बजे) होते हुए सुबह 9:00 बजे दानापुर स्टेशन पहुंचती है।

वापसी में गाड़ी संख्या 53204 दानापुर–झाझा फास्ट पैसेंजर दानापुर से शाम 5:25 बजे खुलकर पटना जंक्शन (5:40/5:45 बजे) सहित उपरोक्त स्टेशनों पर रुकते हुए रात 10:30 बजे झाझा स्टेशन पहुंचती है।

इस पेंडुलम सेवा की सराहना करते हुए आरा से पटना के बीच यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों ने बताया कि इससे उन्हें काफी लाभ हो रहा है।

ट्रेन लगभग अपने निर्धारित समय पर चलती है, जिससे वे समय पर अपने कार्य निपटाकर सहजता से वापस लौट पाते हैं। दोनों पेंडुलम ट्रेनों में यात्रियों के लिए शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध है।