विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में शादी समारोह बना रणक्षेत्र, लाठी-डंडे चले; दूल्हा जान बचाकर भागा, चिंता में दुल्‍हन का परिवार

Published: Fri, 15 May 2026 09:19 AM (IST)

पटना के मसौढ़ी के पकरी गांव में डीजे पर डांस को लेकर बरात और वधू पक्ष में मारपीट हो गई, ...और पढ़ें

मसौढ़ी में शादी के दौरान जमकर मारपीट।

मसौढ़ी में शादी के दौरान जमकर मारपीट।

HighLights

  1. डीजे पर डांस को लेकर बरात-वधू पक्ष में मारपीट।

  2. दूल्हा जान बचाकर भागा, चार लोग घायल हुए।

  3. शादी टूटने से दुल्हन का परिवार बेहद चिंतित।

संवाद सहयोगी, मसौढ़ी (पटना)। थाना क्षेत्र के पकरी गांव में डीजे की धुन पर डांस के दौरान बरात और वधू पक्ष के बीच बुधवार की देर रात जमकर मारपीट हो गई।

स्‍थ‍िति‍ ऐसी हो गई कि दूल्‍हा जान बचाकर भागा। आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडे चले।  इसमें एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध आरोपित को हिरासत में ले लिया है।

दरवाजा लगने के दौरान हुआ विवाद 

मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को पकरी गांव के गजेंद्र बिंद की पुत्री की शादी थी। धनरूआ के राढा से बरात आई थी। दरवाजा लगने के दौरान बरात के कुछ लोग डीजे पर डांस कर रहे थे।

इसी दौरान राढा गांव के कुछ शरारती युवकों ने उनपर धूल फेंक दिया। इसका विरोध बरात में शामिल लोगों ने किया। इसपर विवाद बढ़ गया। 

इसके बाद शरारती युवकों से बरात‍ियों की कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। इसमें एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए।

शादी की अगुआ और उनके पत‍ि का सिर फटा

इनमें शादी की अगुआ रही महिला व उसके पति का सिर फट गया। इसके अलावा गांव के एक युवक व बरात के एक युवक भी घायल हो गए।

घायलों में महिला अगुआ व बरात के युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया। घटना के बाद बिना ब्याह के ही बरात देर रात लौट गई।

बरात लौटने से परेशान हैं वधू के पिता

बताया जाता है कि मारपीट की घटना के बाद बिना ब्याह के ही बरात लौट जाने से गजेंद्र बिंद और उनके स्वजन परेशान हैं। हालाकि उन्होंने वर के पिता से शादी का अनुरोध किया।

बताया जाता है कि वर के पिता ने अपने रिश्तेदार के पीएमसीएच में उपचाररत होने का हवाला दे फिलहाल इस संबंध में बात करने से मना कर दिया।

गजेंद्र बिंद की चिंता इस बात की भी है कि शुक्रवार तक ही शादी का लग्न है और यदि कल तक उनकी पुत्री की शादी नहीं हुई तो फिर अगले लग्न तक टल जाएगी।