Patna Weather Forecast: बिहार में मानसून सक्रिय; सुबह से छाए बादल, कई स्थानों पर हो रही बारिश
Patna Weather Forecast अगले चार दिनों तक राज्य में मानसून के मेहरबान रहने के आसार हैं। कई स्थानों पर मध्यम और हल्की बारिश हो रही है। जानिए किन जिलों में है बारिश का अलर्ट।
पटना, जेएनएन। Patna Weather Forecast : बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून (South-West Monsoon) सक्रिय है। पूरे प्रदेश में जगह-जगह बारिश (Rain) हो रही है। अगले चार दिनों तक राज्य में मानसून के सक्रिय रहने के आसार हैं। गुरुवार को पटना (Patna) सहित सूबे में कई स्थानों पर सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। इस दौरान छिटपुट बारिश हुई है। गर्मी और उमस से राहत है। कई जगह हल्की तो कई जगह मध्यम बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात होने का भी अलर्ट जारी किया है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार में अगले चार दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की उम्मीद है। राजधानी सहित सूबे में कई जिलों में आकाश में बादल छाए रहेंगे और प्रदेश के कुछ इलाके में अच्छी बारिश हो सकती है।
अगले चार दिनों तक पूरे राज्य में जगह-जगह होगी बारिश
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी संजय कुमार के अनुसार बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में बना कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) मैदानी भागों (Plains) की ओर आगे बढ़ रहा है। इससे अगले चार दिनों तक पूरे राज्य में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर मध्यम या हल्की बारिश के भी आसार हैं। वर्तमान में मानसून की अक्षीय रेखा बंगाल की खाड़ी से लेकर बिहार और झारखंड से होते हुए गुजर रही है। बिहार के अलावा बंगाल और झारखंड में भी मानसून सक्रिय है।
यहां हो सकती हैं भारी बारिश
मौसम विभाग ने गुरुवार दोपहर तक पटना, जहानाबाद, नालंदा] अरवल] दरभंगा, समस्तीपुर, गया और बक्सर में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थानों, खेतों या पेड़ के नीचे ना रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा भागलपुर, पूर्णिया सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। पूरे राज्य में मौसम में बदलाव का असर सुबह से ही दिखाई देने लगा था। कई जिलों में सुबह हल्की बारिश के बाद मौसम सुहावना बना रहा।
बिहार के चार प्रमुख शहराें का ऐसा रहेगा तापमान
पूरे बिहार में मंगलवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 36.8 मधुबनी में और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्रीे सेल्सियस डेहरी में दर्ज किया गया । रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 33.0 एवं न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। इसके अलावा भागलपुर में अधिकतम तापमान 34.0 और न्यूनतम तापमान 27.0 , गया में अधिकतम तापमान 32.0 और न्यूनतम तापमान 26.0 और पूर्णिया में अधिकतम तापमान 32.0 और न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।