विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'काला पानी' की सजा झेल रहे पटनावासी, सड़क की जगह जुगाड़ नाव से पार करना पड़ता है रास्ता

Published: Tue, 22 Sep 2026 12:08 PM (IST)

पटना सिटी के परमेश्वर नगर और गोकुल नगर में एक महीने से अधिक समय से जलजमाव की समस्या है, जिससे 200 से अधिक घर प्रभावित हैं।

जुगाड़ नाव से रास्ता पार करती महिलाएं। फोटो जागरण

जुगाड़ नाव से रास्ता पार करती महिलाएं। फोटो जागरण

HighLights

  1. परमेश्वर नगर, गोकुल नगर में एक माह से जलजमाव।

  2. दूषित पानी में सांप, कीड़े, संक्रमण का खतरा।

  3. ग्रामीणों ने स्थायी जल निकासी, सड़क निर्माण की मांग की।

जागरण संवाददाता, पटना सिटी। बाइपास थाना अन्तर्गत महादेव स्थान के दक्षिण में टेंट सिटी और सोनम गैस गोदाम के समीप से परमेश्वर नगर और गोकुल नगर जाने वालों की जिंदगी पिछले एक महीने से पानी से घिरी है। इस इलाके के दो सौ से अधिक घरों के लोग अपने ही घर में कैद होने को विवश हैं।

शहर के नालों से बह कर इस ग्रामीण इलाके में फैला हरे, काले रंग का पानी दूषित, संक्रमित हो चुका है। इसमें जहरीले जीव-जन्तु हैं। सड़क का कुछ अता-पता नहीं है। लोग ट्यूब, बांस, प्लाई के जुगाड़ से नाव बना कर ठहरी जिंदगी को रफ्तार देने का खतरनाक प्रयास कर रहे हैं। इस व्यवस्था से परेशान हो चुके ग्रामीणों ने सोमवार को विरोध-प्रदर्शन किया।

ग्रामीण ट्विंकल कुमार, बंटी कुमार, धर्मेंद्र, कंचन देवी, सुनील पांडेय, क्रांति देवी समेत अन्य ने कहा कि शहर के नालों का पानी सैदपुर-रामपुर नाला, संप हाउस से होकर बादशाही पईन तक जाने के रास्ते में यहां फैल जाता है।

हर साल गंदे पानी से इलाका घिर जाता है। लगभग दो महीनों तक यह समस्या बनी रहती है। इस क्षेत्र में बस रही आबादी परेशान है। ग्रामीणों ने जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कर जल जमाव की समस्या का अंत करने एवं सड़क निर्माण किए जाने की मांग की।

प्रस्थान व गंतव्य की रस्सी से जिंदगी को रफ्तार

ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्थान और गंतव्य स्थान पर रस्सी बांधा गया है। एक ओर से इसी रस्सी को खींचते हुए महिला-पुरुष, बच्चे दूसरी ओर पहुंचते हैं। दूसरी ओर से आने वाले को इनके पहुंचने और जुगाड़ नाव के खाली होने का इंतजार करना पड़ता है।

सबसे अधिक समस्या मरीज को अस्पताल तक ले जाने में होती है। जुगाड़ के नाम का संतुलन बिगने और मरीज के दूषित पानी में गिरने का डर बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि पानी में सांप समेत कई तरह के जीव और खतरनाक कीड़े मकोड़े हैं। क्षेत्र में संक्रमण फैलने का खतरा भी बना हुआ है।

परमेश्वर नगर और गोकुल नगर का क्षेत्र मेरे संज्ञान में फतुहा विधान सभा क्षेत्र में आता है। वहां से लोग मुझसे संपर्क करें तो सरकार के स्तर से उनकी समस्या के निदान की दिशा में उनकी सहायता कर सकते हैं। - रत्नेश कुशवाहा, विधायक, पटना साहिब