FLASHBACK: तब सीरियल ब्लास्ट से सहम गया था पटना, PM मोदी को टारगेट बनाने का ये था दहशत का प्लान Patna News
इस्लामिक स्टूडेंट मूवमेंट ऑफ इंडिया (SIMI) के आतंकी अजहरूद्दीन के हैदराबाद में गिरफ्तार होने के बाद पटना ब्लास्ट की याद एक बार फिर ताजा हो गई है। आइए जानते हैं क्या हुआ था उस दिन।
पटना, जेएनएन। पटना के लोग आज भी 27 अक्टूबर 2013 को नहीं भूल पाए हैं। शहर की शान और जान गांधी मैदान औऱ पटना जंक्शन पर बमों की आवाज की गूंज आज भी रोंगेटे खड़े कर देती है। पटना में सीरियल ब्लास्ट के आरोपित व प्रतिबंधित संगठन इस्लामिक स्टूडेंट मूवमेंट ऑफ इंडिया (SIMI) के आतंकी अजहरूद्दीन उर्फ 'केमिकल अली' के हैदराबाद में गिरफ्तार होने के बाद चर्चा एक बार फिर इसकी याद ताजाा हो गई है। गांधी मैदान में पाचं और जंक्शन पर दो ब्लास्ट में छह लोगों की जान जाने के साथ करीब 83 लोग घायल हुए थे।
हुंकार रैली को संबोधित करने आए थे मोदी
27 अक्टूबर 2013 को भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को हुंकार रैली में आना था। उनके संबोधन को सुनने के लिए लाखों की भीड़ गांधी मैदान में जमा थी। इसी बीच सुबह करीब 11.40 बजे अचानक ब्लास्ट की अावाज आने लगी। दूर खड़े लोगों ने सोचा कि पटाखे छूट रहे हैं पर कुछ ही देर बाद मामला बदल चुका था। मैदान पर कुछ लोग गिरते दिखाई दिए। जबतक पुलिस मुस्तैद हुई सिलसिलेवार पांच ब्लास्ट में कई गंभीर हो चुके थे।
मोदी ने की अपील, घर जाने में न करें जल्दबाजी
प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और तब गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को सुनने गांधी मैदान में बड़ी संख्या में लोग आए थे। ब्लास्ट होते ही मैदान में भगदड़ मच गई। मोदी माजरे को समझ चुके थे। तुरंत उन्होंने मंच से अपील की, कृपया शांति बनाएं रखें। घर जाने में जल्दी न करें। ये सुनते ही मोदी को सुनने आए लोगों को थोड़ा हौसला मिला।
पटना जंक्शन भी था थर्राया
रैली में मोदी को सुनने के लिए पूरे शहर में दूर-दराज से आकर लोग जुटे थे। इसको लेकर राजधानी के पटना जंक्शन पर काफी भीड़ थी। कुछ लोग देर रात से जंक्शन पर आ गए थे। इसी भीड़ पर आतंकियों की भी नजर थी। गांधी मैदान से पहले 27 अक्टूबर की सुबह जंक्शन स्थित एटीएम में दो ब्लास्ट हुए। एक धमाका रेलवे स्टेशन पर बम को डिफ्यूज़ किए जाने के दौरान हो गया। बम की आवाज आते ही जंक्शन परिसर से लेकर प्लेटफार्म तक लोग सकते में आ गए। इधर-उधर भागना शुरू कर दिया। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि आखिर हुआ क्या है।
पहला ब्लास्ट- सुबह 9.30 बजे- पटना जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 10 के शौचालय में ब्लास्ट
दूसरा ब्लास्ट- सुबह 11.40 बजे- उद्योग भवन गांधी मैदान में ब्लास्ट
तीसरा ब्लास्ट- दोपहर 12.05 बजे- रीजेंट सिनेमा के पास ब्लास्ट
चौथा ब्लास्ट- दोपहर 12.10 बजे- गांधी मैदान में बापू की पुरानी प्रतिमा के पास ब्लास्ट
पांचवां ब्लास्ट- दोपहर 12.15 बजे- गांधी मैदान के दक्षिणी हिस्से में ट्विन टावर के पास ब्लास्ट
छठा ब्लास्ट- दोपहर 12.20 बजे- गांधी मैदान के पश्चिमी हिस्से में स्टेट बैंक के पास ब्लास्ट
सातवां ब्लास्ट- दोपहर 12.45 बजे- गांधी मैदान के समीप चिल्ड्रेन पार्क के करीब ब्लास्ट