पटना में मौसम ने ली करवट, कुछ देर राहत के बाद फिर धूप ने किया परेशान Patna News
राजधानी के मौसम में बदलाव हुआ है। सोमवार को हुई बारिश के बाद मंगलवार को इसका साफ असर देखने को मिल रहा है। इस दौरान बदरी और धूप का आवाजाही बनी हुई है।
पटना, जेएनएन। राजधानी में सोमवार की दोपहर हुई बारिश के बाद से मौसम में बदलाव हुआ। मंगलवार की सुबह हल्की धूप दोपहर में बदली और फिर सूरज की तपिश से लोग परेशान हुए। दोपहर में बादलों ने सूरज पर डेरा जमाया तो लोगों ने चैन की सांस ली। कुछ देर के लिए ठंडी हवा चलने से मौसम खुशगवार हो गया। मंगलवार को राजधानी का तापमान अधिकतम में 33 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े पर पहुंच गया है। वहीं गया का तापमान एक डिग्री कम होने के साथ 32 डिग्री पर आ गया है।
इधर, मौसम विभाग का अनुमान है कि बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून कमजोर पड़ने से 6 सितंबर तक उमस भरी गर्मी सता सकती है। वहीं राजधानी में सोमवार को पाटलिपुत्र कॉलोनी, कंकड़बाग, बेली रोड और आसपास के इलाके में छिटपुट वर्षा हुई। बारिश के बावजूद पटना का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री और न्यूनतम 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री और न्यूनतम 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा।