पटना में मौसम ने ली करवट, हल्की बूंदाबांदी के बाद आसमान में छाई रही धुंध Patna News
पटना के मौसम में बदलाव हुआ है। ठंडी हवा चलने से मौसम सुहावना हो गया है। एेसे में लोगों ने घरों से निकलकर शहर के पर्यटन स्थलों का रुख किया।
पटना, जेएनएन। राजधानी के मौसम में बड़ा बदलाव हुआ है। तापमान में आठ डिग्री की गिरावट आई है। गुरुवार को पटना का पारा 30 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। ठंडी हवा चलने से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। सूरज पर बादलों ने साया बना लिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 15 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।
इधर, बुधवार को पटना में 12 मिलीमीटर (एमएम), गया 9.2 एमएम, भागलपुर 12.3 एमएम और पूर्णिया में 17.8 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। राज्य में बक्सर, सिमरी बख्तियारपुर, मखदुमपुर, रजौली, डेहरी, गोरौल सहित कई इलाके में बूंदाबांदी हुई। लोगों को गर्मी से राहत महसूस की।
दक्षिण-पश्चिम मानसून झारखंड और पश्चिम बंगाल सहित गंगा के तटीय क्षेत्र में सक्रिय रहने का असर बिहार में गुरुवार को दिख रहा है। पटना में बुधवार को अधिकतम तापमान गिरकर 33.4 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। गया का अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री और न्यूनतम 24.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भागलपुर का अधिकतम तापमान 34.2 और न्यूनतम 25.6 डिग्री रहा। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप