विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में सर्टिफिकेट के ल‍िए लगातार दूसरे द‍िन हंगामा, सड़क जाम कर जताया आक्रोश

Published: Sun, 18 Oct 2026 12:37 PM (IST)

मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय में लाइब्रेरियन भर्ती परीक्षा के प्रमाण पत्र वितरण में अव्यवस्था को लेकर छात्रों ...और पढ़ें

मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय के सामने सड़क जाम करते छात्र। जागरण

मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय के सामने सड़क जाम करते छात्र। जागरण

HighLights

  1. मौलाना मजहरुल हक विश्वविद्यालय में छात्रों का हंगामा।

  2. लाइब्रेरियन भर्ती प्रमाण पत्र वितरण में अव्यवस्था।

  3. मीठापुर में सड़क जाम, पुलिस ने शांत कराया।

जागरण संवाददाता, पटना। मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय में लाइब्रेरियन भर्ती परीक्षा के लिए प्रोविजनल सर्टिफिकेट और अंक पत्र लेने आए अभ्यर्थियों ने रविवार को जमकर हंगामा किया। 

मीठापुर में सड़क जाम कर वे प्रदर्शन करने लगे, इस कारण  करीब आधा घंटा तक आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम समाप्‍त करवाया।

सर्टिफ‍िकेट बांटने में लगाया अव्‍यवस्‍था का आरोप  

इसके बाद प्रदर्शनकारी विश्‍वविद्यालय परिसर में चले गए। वहां काउंटर पर कतार लग गई। अभ्यर्थियों ने विश्वविद्यालय पर सर्टिफिकेट बांटने में अव्यवस्था का आरोप लगाया है।

एक दिन पहले भी यहां अफरातफरी की स्‍थ‍िति‍ बनी थी। इसके बाद पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया था। रविवार को सुबह से ही अभ्‍यर्थी पहुंचने लगे। देखते ही देखते छात्रों का हुजूम उमड़ पड़ा। इसके कारण भीड़ अनियंत्रित हो गई।

इसके बाद छात्र सड़क पर उतर आए। वे विश्‍व‍व‍िद्यालय प्रशासन के ख‍िलाफ नारेबाजी करने लगे। उनका आरोप था क‍ि छात्रों पर कोई ध्‍यान नहीं द‍िया जा रहा।  

21 अक्‍टूबर तक फॉर्म भरने का डेट होने से परेशानी 

B Lis (लाइब्रेरी एंड इंफार्मेशन साइंस) सत्र 2025-26 के छात्र-छात्राएं जो बिहार भर में चल रहे नॉलेज रिसोर्स सेंटर पर चल में अध्ययनरत थे वे अपना प्रोविजनल सर्टिफिकेट और अंकपत्र लेने के लिए पहुंचे।

इनके साथ 2016 से 2024-25 तक के बैच के छात्र - छात्राएं भी अंक पत्र और प्रोविजनल लेने विश्वविद्यालय पहुंच गए। जिससे भीड़ अधिक हो गई और अनियंत्रित हो गई।

बिहार विद्यालय परीक्षा सिमित द्वारा विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन लिया जा रहा है। आवेदन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर है। हालांकि विश्वविद्यालय की ओर से सर्टिफिकेट बांटने के अतिरिक्त काउंटर की व्यवस्था की गई है।