विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक रात में उजड़ गया परिवार, पटना में सांप के डसने से मां और दो बेटों की मौत; 12 साल की बच्ची रह गई अकेली

Published: Sat, 26 Sep 2026 02:01 PM (IST)

पटना के फुलवारी शरीफ स्थित सोताचक मुसहरी में लगातार बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहाँ विषैले सांप ...और पढ़ें

इसी घर में सोए थे मां और दोनों बच्‍चे। जागरण

इसी घर में सोए थे मां और दोनों बच्‍चे। जागरण

HighLights

  1. पटना में सांप के डसने से माँ और दो बेटों की मौत।

  2. सोताचक मुसहरी में बारिश के दौरान घर में घुसा था सांप।

  3. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गाँव में मातम।

संवाद सूत्र, फुलवारी शरीफ (पटना)। लगातार बारिश के बीच सकरैचा पंचायत के सोताचक मुसहरी में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया।

घर में सो रही मां और उसके दो बेटों को विषैले सांप ने डस लिया। इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। मृतकों में  35 वर्षीय शकुंतला देवी, उनके बेटे मोहित कुमार और वेधु राज थे। 

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा है। बताया जाता है कि मजदूरी कर परिवार चलाने वाले बबलू मांझी का परिवार शुक्रवार रात बारिश के दौरान घर में सो रहा था।

शनिवार सुबह करीब पांच बजे घर में सांप निकल आया। उस समय शकुंतला देवी अपने दोनों बेटों के साथ सोई थीं। सांप ने पहले दोनों बच्चों को डसा और इसके बाद शकुंतला देवी को भी डस ल‍िया। 

बच्चों और मां की चीख-पुकार सुनकर परिजन पहुंचे और तीनों को तत्काल इलाज के लिए फुलवारी शरीफ और पटना के अस्पताल ले गए। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद तीनों को नहीं बचाया जा सका।

मां और दोनों भाइयों को खोकर अकेली हुई 12 वर्षीय बच्ची

हादसे में परिवार की करीब 12 वर्षीय बच्ची ने मां और दोनों भाइयों को खो दिया। तीनों की मौत के बाद बच्ची सदमे में है।

कुछ घंटे पहले जिस घर में परिवार साथ सो रहा था, वहां अब मातम पसरा है। परिजन और ग्रामीण बच्ची को संभालने में जुटे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, लगातार बारिश से सोताचक मुसहरी और आसपास के इलाकों में जलजमाव है। नहर और पुनपुन नदी के आसपास बसे घरों में बारिश के दौरान सांप और अन्य जहरीले जीवों के घुसने का खतरा बढ़ जाता है।

एक ही परिवार में मां और दो बेटों की मौत से गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत देने और बच्ची की सुरक्षा व देखभाल की व्यवस्था कराने की मांग की है।

पंचायत के मुखिया मंटू यादव ने बताया कि मृतक के परिजन को तत्काल सहायता राशि उपलब्ध करा दी गई है। प्राकृतिक आपदा के तहत मिलने वाली सहायता राशि के लिए प्रशासन को भी लिखा जाएगा।