पटना में मुंह में कपड़ा भरकर बुजुर्ग महिला को बनाया बंधक, एक करोड़ की संपत्ति ले गए अपराधी
पटना के बाढ़ में दिवंगत व्यवसायी धीरेंद्र प्रताप सिंह के घर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला। बुजुर्ग महिला को बंधक ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
बाढ़ में दिवंगत व्यवसायी के घर डकैती।
बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर एक करोड़ की लूट।
पुलिस जांच में जुटी, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य।
संवाद सहयोगी, बाढ़ (पटना)। एनटीपीसी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में हथियारबंद बदमाशों ने दिवंगत व्यवसायी धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ भूमि बाबू के घर धावा बोलकर बुजुर्ग महिला को बंधक बना लिया। बुजुर्ग शोर न मचा सके, अपराधियों ने उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। फिर करीब दो घंटे तक घर में लूटपाट की और सोने-चांदी के जेवरात, नकद समेत करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। एनटीपीसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस अधिकारियों ने घर के अंदर और आसपास के इलाके का जायजा लिया। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घर में विभिन्न स्थानों से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस को उम्मीद है कि एफएसएल जांच और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों से बदमाशों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
बताया जाता है कि धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ भूमि बाबू बाढ़ इलाके के चर्चित व्यवसायी थे। उनका ईंट-भट्ठा, पेट्रोल पंप समेत अन्य कारोबार था। स्वजन के अनुसार अपराधी रात करीब 11 बजे घर में दाखिल हुए। उस समय घर में मौजूद एक बुजुर्ग महिला को उन्होंने अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद वह घर के अलग-अलग कमरों की तलाशी शुरू कर दी।
करीब दो घंटे तक घर में सामान खंगालने के बाद वे रात लगभग एक बजे वहां से निकल गए। घर से सोने-चांदी के जेवरात, नकद और अन्य कीमती सामान ले गए। हालांकि पुलिस की ओर से फिलहाल संपत्ति की कीमत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। उनका इकलौता बेटा कमांडेंट के पद पर कार्यरत है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह घर नहीं पहुंच पाया था।
बंधक बनाए जाने के दौरान बिगड़ गई बुजुर्ग की तबीयत
बंधक बनाए जाने के दौरान बुजुर्ग महिला की तबीयत भी बिगड़ गई। स्वजन उन्हें तत्काल अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया।
कुछ दिन पूर्व ईंट-भट्ठे में बनी झोपड़ी में लगी थी आग
स्वजन का कहना है कि जिस तरीके से घटना को अंजाम दिया, उससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अपराधियों को पहले से घर और वहां रखे सामान के बारे में जानकारी या फिर रेकी की गई थी। यह भी बताया कि कुछ दिन पूर्व ईंट-भट्ठे में बनी एक झोपड़ी में आग लगा दी गई थी। इन घटनाओं के बीच संबंध होने की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस बिंदु पर भी छानबीन कर रही है।
तकनीकी अनुंसधान में जुटी पुलिस
पुलिस लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की संख्या, उनके आने-जाने के रास्ते और वारदात में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है। एफएसएल रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
