पटना, जागरण संवाददाता। पुनपुन और फतुहा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों पर हुई सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। पुनपुन में हुई दुर्घटना में मसौढ़ी के निजी स्कूल संचालक रोहित कुमार और फतुहा में दुर्घटना में अनीसाबाद निवासी ओमप्रकाश प्रजापति की मौत हो गई।
फतुहा-दनियावां एनएच पर बुधवार की रात फतुहा से दनियावां की ओर जा रहे बाइक सवार दो युवकों को अनियंत्रित वाहन ने रौंद दिया। दुर्घटनास्थल पर ही अनीसाबाद निवासी ओम प्रकाश प्रजापति (35 वर्ष) की मौत हो, जबकि मसौढ़ी निवासी सूरज कुमार घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार ओमप्रकाश और सूरज कुमार दनियावां की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।
हाइवा ने निजी स्कूल स्कूल संचालक को रौदा, दूसरा जख्मी
पुनपुन के पिपरा थाना के अंतर्गत बिहटा-सरमेरा हाइवे 78 पर कल्याणचक मोड़ के समीप बुधवार की रात अनियंत्रित हाइवा ने एक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार स्कूल संचालक रोहित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक अनिल कुमार जख्मी हो गए। मसौढ़ी लखीबाग मोहल्ले में स्थित बुद्धा इंटरनेशनल स्कूल के संचालक रोहित कुमार अपने मकान मालिक अनिल कुमार के साथ मे बुधवार की रात बाइक से पटना जा रहे थे।
बाराचट्टी में ट्रक की टक्कर से कार सवार दूल्हा-दुल्हन घायल
गया के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के दिल्ली-कोलकाता पथ नेशनल हाईवे-दो पर सुलेबट्टा में बुधवार को झारखंड के रांची से शादी कर लौट रही दूल्हे की कार में ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में दूल्हा सुजीत कुमार (30) और दुल्हन चंद्रकांता कुमारी (27) घायल हो गए।
ट्रक चालक फरार
कार सवार लोग खुसरूपुर के निवासी हैं। दुर्घटना ओवरटेक के कारण हुई थी। बुधवार की सुबह वह दुल्हन को विदा करा घर लौट रहे थे। कार को दूल्हे के मामा घनश्याम कुमार चला रहे थे। साथ में एक वीडियोग्राफर भी बैठा था। थानाध्यक्ष रामलखन पंडित ने बताया कि घटना के बाद ट्रक चालक भाग गया। ट्रक को जब्त कर लिया गया है।