विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना कार में मिला सेवानिवृत्त इंजीनियर का गोली लगा शव, पिस्टल बरामद; हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस

Published: Sat, 03 Oct 2026 09:59 AM (IST)

पटना के राजीव नगर में एक सेवानिवृत्त इंजीनियर का गोली लगा शव कार में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल ...और पढ़ें

बहनोई के अपार्टमेंट के पास मिली कार

बहनोई के अपार्टमेंट के पास मिली कार

HighLights

  1. सेवानिवृत्त इंजीनियर का गोली लगा शव पटना में कार में मिला।

  2. घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद, पुलिस जांच में जुटी।

  3. पुलिस हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है।

जागरण संवाददाता, पटना। पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र की फ्रेंड्स कॉलोनी में शनिवार सुबह कार के अंदर सेवानिवृत्त इंजीनियर का गोली लगा शव मिलने से सनसनी फैल गई। जमना पैलेस के नीचे खड़ी कार में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

घटनास्थल से पिस्टल बरामद होने की बात सामने आ रही है। मृतक की पहचान रांची के कांके रोड, इंदिरा नगर थाना क्षेत्र के गोंडा निवासी आलोक कुमार के रूप में हुई है।

जीएम पद से सेवानिवृत्त हुए थे आलोक कुमार

आलोक कुमार इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे और कोल इंडिया में जीएम के पद पर भी कार्यरत रह चुके थे। मूल रूप से मोतिहारी के रहने वाले आलोक कुमार सेवानिवृत्ति के बाद रांची में रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि वह अपनी बहन से मिलने फ्रेंड्स कॉलोनी आए थे। कार में उनका शव मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

बहनोई के अपार्टमेंट के पास मिली कार

घटनास्थल से करीब दो मीटर की दूरी पर स्थित विद्या बिहार अपार्टमेंट के एफ ब्लॉक के फ्लैट संख्या 302 में उनके बहनोई विनोद कुमार रहते हैं।

बहनोई के अनुसार आलोक कुमार दो दिन पहले रात में पटना पहुंचे थे। इससे पहले भी वह करीब 15 दिन पहले यहां आए थे। परिवार से मिली जानकारी के अनुसार उनकी पत्नी का निधन हो चुका है, जबकि बेटा बाहर रहता है।

सुबह टहलने निकले थे, फिर कार में मिला शव

बहनोई ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह आलोक कुमार टहलने के लिए निकले थे। इसके बाद कुछ देर में कार के अंदर उनका शव मिलने की जानकारी सामने आई।

घटना की सूचना मिलते ही राजीव नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है, ताकि मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।

हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच

कार के अंदर गोली लगा शव और पिस्टल मिलने के बाद पुलिस के सामने मौत की वजह को लेकर कई सवाल हैं। पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या, दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।

सीसीटीवी फुटेज और परिचितों से पूछताछ

पुलिस फ्रेंड्स कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मृतक के पटना आने, कार के घटनास्थल तक पहुंचने और उनके संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस स्वजन और परिचितों से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आलोक कुमार की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

एफएसएल जांच से मिल सकते हैं अहम सुराग

घटनास्थल से बरामद पिस्टल समेत अन्य साक्ष्यों की एफएसएल जांच कराई जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हथियार किसका था और गोली चलने की परिस्थितियां क्या थीं।

घटनास्थल की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।