पटना में नाले से हवलदार का शव मिलने से सनसनी, पत्नी को हत्या की आशंका
राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक हवलदार बच्चा राव का शव नाले से बरामद किया गया, जिससे ...और पढ़ें

पटना में संदिग्ध स्थितियों में हवलदार का मिला शव। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पटना के बुद्धा कॉलोनी में हवलदार का शव मिला।
मृतक की पहचान बच्चा राव, पश्चिम चंपारण निवासी के रूप में।
ड्यूटी से लौटते समय नाले में गिरने से मौत की आशंका।
जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक हवलदार का शव बुधवार को नाले से बरामद किया गया। शव मिलने से सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान पश्चिम चंपारण के नौतन थाना क्षेत्र के बनकटवा निवासी बच्चा राव (45 वर्ष) के रूप में की गई है। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वे पटना पुलिस लाइन में हवलदार के पद पर तैनात थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर बुद्धा कॉलोनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और नाले से शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष के अनुसार, प्रथम दृष्टया नाले में गिरने से हवलदार की मौत होने की बात सामने आ रही है।
रात में ड्यूटी से लौटने के दौरान हादसा
बताया गया कि बच्चा राव की ड्यूटी पटना के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगाई जाती थी। रात के अंधेरे में लोदीपुर स्थित मंदिर के पास वह नाले में गिर गए।
नाला गहरा होने के कारण वह उससे बाहर नहीं निकल सके, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी।
पत्नी को साजिश की आशंका
घटना के समय परिवार के लिए अपने पैतृक घर बेतिया में थे। पत्नी ने शव मिलने की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए आशंका जताई है।
उनका कहना है कि जिस तरीके से नाले में शव मिला है, वहां किसी व्यक्ति का आसानी से घुसना संभव नहीं है। साजिश की आशंका जताई है।
मृतक की पत्नी ने बताया कि बच्चा कुमार राव साल 1999 में पुलिस की ड्यूटी में आए थे। 2025 से पटना में तैनात थे। घटना से एक दिन पहले दिन में पति से फोन पर बात हुई थी। उस दौरान उन्होंने किसी तरह की समस्या या परेशानी नहीं बताई थी।
