विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में सुबह-सुबह एनकाउंटर, गैराज संचालक की हत्या का आरोपी घायल; पैर में लगी गोली

Published: Sun, 25 Oct 2026 07:45 AM (IST)

बख्तियारपुर फोरलेन से कल्याणबिगहा जाने वाली सड़क पर पुलिस मुठभेड़ में कथित अपराधी सौरभ सिंह को गोली लगी है।

घायल आरोपी सौरभ सिंह। फोटो जागरण

घायल आरोपी सौरभ सिंह। फोटो जागरण

HighLights

  1. बख्तियारपुर फोरलेन पर पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई।

  2. कथित अपराधी सौरभ सिंह को गोली लगी, अस्पताल में भर्ती कराया।

  3. सौरभ पर गैराज संचालक को गोली मारने का आरोप है।

जागरण संवाददाता, पटना। बख्तियारपुर फोरलेन से कल्याण बिगहा जाने वाली सड़क में पुलिस एनकाउंटर हुआ है। पटना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हत्या मामले में आरोपी सौरभ सिंह को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। 

सौरभ सिंह के पैर में गोली लगी है, जिसका अस्पताल में इलाज करा कर पुलिस एम्बुलेंस से पटना लेकर चली गई। घटना 4  से 5 बजे भोर की बताई गई है।

आरोपी कंकड़बाग पटना का रहने वाला है। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, सौरभ यहां किसी मामले में वांछित नहीं था। किसी गैराज संचालक को गोली मारने में आरोपित होने की बात कही जा रही है। 

हथियार बरामदगी के दौरान मुठभेड़

पुलिस अधिकारी के अनुसार, रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में 27 सितंबर को कांड संख्या 1035/26 के तहत अंजनी कुमार नामक व्यक्ति की हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

इस मामले की जांच के क्रम में एसटीएफ और पटना पुलिस की संयुक्त छापामारी में 24 अक्टूबर को तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था।

  • सौरभ सिंह / सौरभ कुमार (पिता: स्व. प्रशांत सिंह, निवासी: बड़हिया, लखीसराय)

  • समर्थ दुबे (पिता: संजय कुमार दुबे, निवासी: धरहरा, मुंगेर)

  • दीपांशु मिश्रा (पिता: मुकेश मिश्रा, निवासी: गोगरी, खगड़िया)

पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपियों ने अपना जुर्म कबूला था। बयान के दौरान मुख्य आरोपी सौरभ सिंह ने जानकारी दी कि अंजनी कुमार की हत्या में इस्तेमाल हथियार को बख्तियारपुर थाना क्षेत्र स्थित कल्याण बीघा रोड पर नमो गंगे प्रोजेक्ट के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया है।

सूचना के सत्यापन और हथियार बरामदगी के लिए जब रामकृष्ण नगर और बख्तियारपुर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो आरोपी सौरभ ने झाड़ी से लोडेड पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान उसने पुलिस की गाड़ी पर भी गोली चलाई, जो बोनट व हेडलाइट के पास लगी।

जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल

जवाबी कार्रवाई में रामकृष्ण नगर थाने की सब-इंस्पेक्टर (SI) पूजा कुमारी द्वारा जवाबी फायरिंग की गई। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी सौरभ के बाएं पैर (घुटने के नीचे) में गोली लगी और पुलिस ने उसे काबू में कर लिया।

घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी बख्तियारपुर भेजा गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे पीएमसीएच (PMCH), पटना रेफर कर दिया गया है।

वहीं, इस घटनाक्रम के दौरान महिला पुलिस पदाधिकारी को भी चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

मौके से 2 हथियार, 2 मैगजीन और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। सबूत इकट्ठा करने के लिए FSL की टीम को मौके पर बुलाया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी सौरभ सिंह का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें हत्या के 2 और आर्म्स एक्ट के 2 मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य मामलों की जांच व सत्यापन जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

नोट- इस खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है। हम अपने सभी पाठकों को पल-पल की खबरों से अपडेट करते हैं। हम लेटेस्ट और ब्रेकिंग न्यूज को तुरंत ही आप तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रारंभिक रूप से प्राप्त जानकारी के माध्यम से हम इस समाचार को निरंतर अपडेट कर रहे हैं। ताजा ब्रेकिंग न्यूज़ और अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए जागरण के साथ।