विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अपराध‍ियों ने थाने के गेट पर की फायर‍िंग तो पटना पुलिस ने द‍ि‍खाया दम, 12 क‍िमी पीछा कर 3 को दबोचा

Published: Sun, 23 Aug 2026 11:08 AM (IST)

मनेर पुलिस ने 12 किलोमीटर तक पीछा कर छितनावां के पास तीन अपराधियों - गौतम, गोविंद और गोलू को गिरफ्तार ...और पढ़ें

मनेर में गिरफ्तार क‍िए गए अपराधी। जागरण

मनेर में गिरफ्तार क‍िए गए अपराधी। जागरण

HighLights

  1. मनेर पुलिस ने 12 किलोमीटर तक अपराधियों का पीछा किया।

  2. छितनावां के पास तीन अपराधी गौतम, गोविंद, गोलू गिरफ्तार।

  3. देसी कट्टा, कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद की गई।

संवाद सूत्र, मनेर (पटना)। अपराधियों ने दुस्साहस दिखाते हुए मनेर थाना के मुख्य गेट के समीप फायरिंग कर दी और बाइक से फरार हो गए। इसके बाद पटना पुलिस ने भी तत्परता दिखाई।

पुलिस टीम ने बाइक सवार अपराधियों का करीब 12 किलोमीटर तक पीछा किया और छितनावां के समीप दो तरफ से घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मनेर थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी प्रवीण श्रीवास्तव के पुत्र गौतम कुमार, दानापुर के गोला रोड निवासी मुकेश साव के पुत्र गोविंद कुमार और अनिल सिंह के पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपितों के पास से एक देसी कट्टा, एक कारतूस, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है।

थाना गेट के पास फायरिंग कर हुए फरार

डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि शनिवार की देर शाम बाइक सवार अपराधियों ने मनेर थाना के मुख्य गेट के समीप फायरिंग की और इसके बाद बाइक से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और अपराधियों का पीछा शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने करीब 12 किलोमीटर तक उनका पीछा किया।

छितनावां के समीप खगौल की ओर जाने वाले नए रास्ते पर पुलिस ने दो तरफ से घेराबंदी कर बाइक सवार तीनों युवकों को पकड़ लिया।

तलाशी में कट्टा और कारतूस बरामद

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मौके पर आरोपितों की तलाशी ली। इस दौरान एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, मनेर थाना के पास फायरिंग गौतम कुमार ने की थी। घटना के समय गोविंद कुमार और गोलू कुमार भी उसके साथ बाइक पर मौजूद थे।

पुलिस ने आरोपितों के पास से दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किस वजह से की गई और घटना में तीनों की क्या भूमिका थी।

गांधी मैदान में मारपीट के बाद फायरिंग की बात

बताया जाता है कि शनिवार देर शाम मनेर गांधी मैदान में गुटबाजी को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इसी विवाद के बाद दहशत फैलाने के उद्देश्य से मनेर थाना के मुख्य गेट के समीप फायरिंग किए जाने की बात सामने आ रही है।

पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को आपस में जोड़कर जांच कर रही है। आरोपितों से पूछताछ के आधार पर घटना के पीछे के विवाद, फायरिंग के उद्देश्य और उनके पूर्व के आपराधिक मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।