विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में JDU MLC नीरज कुमार के घर के बाहर मिला संदिग्‍ध बैग, अंदर पिस्टल और 35 कारतूस; 25 हजार गायब

Published: Sat, 24 Oct 2026 05:45 PM (GMT+05:30)

पटना में जदयू एमएलसी नीरज कुमार के आवास के बाहर एक संदिग्ध बैग मिला, जिसमें लाइसेंसी पिस्टल, 35 कारतूस और ...और पढ़ें

व‍िधान पार्षद के आवास के बाहर बैग में म‍िला प‍िस्‍टल। सांकेत‍िक तस्‍वीर

व‍िधान पार्षद के आवास के बाहर बैग में म‍िला प‍िस्‍टल। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. जदयू एमएलसी नीरज कुमार के आवास के बाहर मिला बैग।

  2. बैग में लाइसेंसी पिस्टल, 35 कारतूस और दस्तावेज बरामद हुए।

  3. चोरी हुए बैग से 25 हजार रुपये नकदी गायब मिली।

जागरण संवाददाता, पटना। नेहरू पथ स्‍थ‍ित जदयू विधान पार्षद नीरज कुमार के आवास के बाहर शुक्रवार की रात एक संदिग्ध बैग मिला।

बैग में लाइसेंसी पिस्टल, 35 कारतूस, चेकबुक, जरूरी कागजात और अन्य सामान रखे थे। एमएलसी आवास के कर्मियों ने बैग देखकर शास्त्री नगर थाने को सूचना दी।

जांच में पता चला कि बैग महुआ निवासी कारोबारी डाॅ. शमीम अंसारी का है। एक शातिर ने झांसा देकर उनका बैग चोरी कर ल‍िया था।

डाॅक्टर ने एयरपोर्ट थाना में दर्ज कराई थी प्राथमिकी

डाॅ. शमीम अंसारी शुक्रवार को काम के सिलसिले में पटना आए थे। वह पारस अस्पताल के सामने अपनी गाड़ी में बैठे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास पहुंचा और गाड़ी से मोबिल गिरने की बात कही।

यह सुनकर वे गाड़ी से उतरकर जांच करने लगे। उनका बैग गाड़ी में ही रखा था। इसी बीच आरोपित बैग चोरी कर फरार हो गया।

बैग में 25 हजार रुपये नकद समेत कई जरूरी सामान थे। इसको लेकर पीड़ित ने घटना की शिकायत एयरपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी।

नकदी गायब, हथियार और कारतूस मिले

बैग की तलाशी में पुलिस को लाइसेंसी पिस्टल, 35 कारतूस, चाबियां, चेकबुक और जरूरी दस्तावेज मिले। हालांकि, उसमें रखे 25 हजार रुपये गायब थे।

पुलिस को शक है कि आरोपित ने नकदी निकालने के बाद बैग को एमएलसी नीरज कुमार के आवास के बाहर फेंक दिया।

पुलिस ने पीड़ित डाॅक्टर को बैग मिलने की जानकारी दे दी है। शास्त्रीनगर थाना की पुलिस ने बताया कि एयरपोर्ट थाने में शिकायत दर्ज हुई थी। मामले की छानबीन की जा रही है। सीसीटीवी से शातिरों की पहचान की जा रही है।