जलती चिता, मां की चीख और मौत का राज: बेटे की मौत पर पिता गिरफ्तार, पटना में जले हुए शव में छिपा सच
पालीगंज के चंढोस गांव में पिंटू यादव की मौत के बाद पत्नी के आरोप पर पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवा ...और पढ़ें

अधजले अवशेष खोलेंगे आखिरी राज
HighLights
पालीगंज में बेटे की मौत पर पिता उदय यादव गिरफ्तार।
पत्नी के आरोप पर पुलिस ने जलती चिता रुकवाई।
अधजले अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए, जांच जारी।
संवाद सहयोगी, पालीगंज(पटना)। पालीगंज के चंढोस गांव में पिंटू यादव (35) की मौत ने ऐसा मोड़ लिया कि पुलिस को अंतिम संस्कार के बीच पहुंचकर चिता रुकवानी पड़ी। मृतक की पत्नी ने ससुर पर हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव जलाने का आरोप लगाया। शिकायत के बाद पुलिस ने पिंटू के पिता उदय यादव को गिरफ्तार कर लिया।
चिता जल रही थी... तभी पहुंची पुलिस
पुलिस को सूचना मिली कि पिंटू का शव आनन-फानन में जलाया जा रहा है। टीम मौके पर पहुंची तो चिता जल रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उदय यादव को हिरासत में लिया और चिता से अधजले अवशेष बरामद किए। इन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पत्नी की शिकायत ने बदल दी पूरी कहानी
पिंटू दिल्ली में निजी कंपनी में नौकरी करता था और कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था। पत्नी पूनम देवी के मुताबिक, संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद चल रहा था। घटना से पहले पिंटू ने पत्नी को मायके भेज दिया था।
मोबाइल बंद मिला, ससुराल पहुंची पत्नी
पति से मोबाइल पर संपर्क नहीं होने पर पूनम देवी चंढोस स्थित ससुराल पहुंचीं। घर का दरवाजा बंद था और पति के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद वह सीधे सिगोड़ी थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरी बात बताई। शिकायत मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और जांच शुरू की।
पिता का दावा—बेटे ने खुद उठाया खौफनाक कदम
पूछताछ में उदय यादव ने पुलिस को बताया कि पिंटू ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। दूसरी ओर, पत्नी ने हत्या का आरोप लगाया है। अब दोनों दावों के बीच पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि पिंटू की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई।
अधजले अवशेष खोलेंगे आखिरी राज
पुलिस ने अधजले अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। वैज्ञानिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस पिता से पूछताछ कर रही है और संपत्ति विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। इस मामले में मौत की असली कहानी रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।
