विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जवान से बदसलूकी मामले में दारोगा समेत दो निलंबित: पत्नी को परीक्षा दिलाने गया था जवान, विरोध के बाद ​कराई जांच

By Kumar RajatEdited By: Jagran News Network
Published: Thu, 02 Mar 2023 04:43 PM (IST)

रक्सौल में सेना के जवान के साथ बदसलूकी करने के मामले में दारोगा और सिपाही को निलंबित कर दिया गया ...और पढ़ें

सेना के जवान से दुर्व्यवहार मामले में दारोगा समेत दो निलंबित।
सेना के जवान से दुर्व्यवहार मामले में दारोगा समेत दो निलंबित।

राज्य ब्यूरो, पटना : रक्सौल में सड़क दुर्घटना के बाद सेना के जवान से बदसलूकी करने के मामले में दारोगा और सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। एडीजी जेएस गंगवार ने बताया कि रक्सौल के एएसपी की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

बता दें कि कुछ दिन पहले शहर की मुख्य सड़क पर सेना के एक जवान के साथ रक्सौल पुलिस की बदसलूकी का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में दिखाई दे रहा था कि पुलिस के अधिकारी एक व्यक्ति को घसीटते हुए ले जा रहे है और अपशब्द कहकर अपमान कर रहे हैं। वह व्यक्ति अपने आपको सेना का जवान बता रहा है। इसके बाद भी रक्सौल थाने के अधिकारी व जवान उसके साथ बदसलूकी कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, युवक की पहचान सेमरा बेलघाटी के रहने वाले सेना के जवान राधा मोहन गिरि के तौर पर हुई। राधा मोहन अपनी पत्नी काजल देवी को परीक्षा दिलाने कार से रक्सौल आ रहे थे। इस दौरान शहर के लक्ष्मीपुर में कार के साइड मिरर से एक अधेड़ को चोट लग गई। इसी बात पर स्थानीय लोगों से उनकी कहासुनी हो रही थी। तभी गश्ती वाहन पर सवार रक्सौल थाना के सब इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। वहां लोगों से हो रही कहासुनी को देख जवान को गाड़ी लेकर थाने चलने का आदेश दिया।

क्या था मामला?

जवान राधा मोहन मुख्य पथ स्थित हजारीमल हाईस्कूल के समीप अपनी पत्नी को उतारकर सड़क के दूसरे किनारे कार पार्क करने लगे। इतने में सब इंस्पेक्टर गाड़ी के पास पहुंचे और जवान से बदसलूकी करने लगे। यह घटनाक्रम वायरल वीडियो में साफ-साफ नजर आ रहा था। इतना ही नहीं, जवान को घसीट कर ले जाते समय सब इंस्पेक्टर एवं उनके साथ ड्यूटी में तैनात जवान भी सेना के जवान को गंदी-गंदी गालियां देते हुए पिटाई करते जा रहे हैं। रक्सौल पुलिस ने जवान को ले जाकर जेल में बंद कर दिया। वहीं, उनका परिवार न्याय के लिए थाने में बैठा रहा।

पुलिस का कहना है कि कार चालक जवान ने पुलिस के साथ हाथापाई और गाली-गलौज की थी। जब जवान को थाने चलने के लिए कहा गया तो वह गाड़ी भगाने लगा। वहीं सेना के जवान ने भी पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया गया, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।