कोरोना वायरस के कारण इस बार जाम हो सकते हैं पटना के नाले, नगर निगम के सामने नई समस्या
Patna Nagar Nigam News शहर में तेजी से फैलती महामारी के बीच निगम कर्मियों के लिए बड़े अधिकारियों और दूसरे फ्रंट लाइन वर्कर्स की तरह सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए हैं। इसका असर पटना में नालों की सफाई पर पड़ने लगा है।
पटना सिटी, जागरण संवाददाता। Patna Municipal Corporation News: पटना नगर निगम (Patna Nagar Nigam) कोरोना वायरस महामारी की वजह से कई तरह की समस्याओं से जूझ रहा है। शहर की सफाई व्यवस्था से लेकर, संक्रमण वाले स्थलों पर सैनिटाइजेशन, शवदाह स्थलों की व्यवस्था, बेसहारा लोगों के शवों का अंतिम संस्कार जैसे कई कार्य निगम के कर्मियों को करने पड़ रहे हैं। लेकिन निगम कर्मियों के लिए बड़े अधिकारियों और दूसरे फ्रंट लाइन वर्कर्स की तरह सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए हैं। इसका असर पटना में नालों की सफाई पर पड़ने लगा है।
सिटी अंचल में सफाई के लिए नहीं मिल रहे कर्मी
नगर निगम के पटना सिटी अंचल अंतर्गत 12 और अजीमाबाद अंचल अंतर्गत आठ वार्ड में नाला उड़ाही कार्य कोरोना के खौफ एवं असुरक्षा के कारण प्रभावित हो रहा है। नाला उड़ाही के लिए सफाई कर्मी नहीं मिल रहे हैं। प्रत्येक वार्ड में 60 मजदूरों की जगह औसतन 30 से ही सफाई एवं नाला उड़ाही कार्य कराया जा रहा है। काम कर रहे मजदूरों का कहना है कि कोरोना के डर के बीच नाला में सुरक्षित उतरने के लिए मास्क, दस्ताना, बूट तक नहीं दिया जा रहा है। नंगे पांव और खाली हाथ से नाला साफ करने के दौरान शीशा, कांटी गड़ जाता है। जख्मी मजदूर के लिए प्राथमिक उपचार तक की व्यवस्था नहीं की गयी है।
- नाला उड़ाही कर रहे मजदूर असुरक्षित, संख्या हुई आधी
- निगम के अजीमाबाद व पटना सिटी अंचल के 20 वार्ड में समस्या गहराई
- बिना मास्क, दस्ताना व बूट के नाला सफाई कर रहे मजदूर
वहीं, कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि सभी वार्ड के क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक को मास्क, दस्ताना, बूट आदि मजदूरों को देने के लिए दिया गया है। साथ ही प्राथमिक उपचार किट भी मुहैया कराया गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मजदूर को दो-दो साबुन हाथ धोने के लिए दिया गया है। यह सामग्री सभी मजदूरों तक नहीं पहुंच पा रही है। निगम अधिकारी ने बताया कि पटना सिटी अंचल में लगभग 480 और अजीमाबाद अंचल में 720 मजदूर सफाई कार्य में लगे हैं। कोरोना के कारण भयभीत व संक्रमित बहुत सारे मजदूर काम नहीं कर रहे हैं।