विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना नगर निगम ने किया अलर्ट, साइबर कैफे से प्रॉपर्टी टैक्स जमा करते समय हो सकती है ठगी; ऐसे करें असली की पहचान

Published: Sat, 10 Oct 2026 08:10 PM (IST)

पटना नगर निगम ने संपत्ति कर भुगतान में धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की है। साइबर ...और पढ़ें

असली (बांए) और नकली रसीद। सौ-नगर निगम

असली (बांए) और नकली रसीद। सौ-नगर निगम

HighLights

  1. संपत्ति कर भुगतान में धोखाधड़ी से सतर्क रहें।

  2. क्यूआर कोड स्कैन कर रसीद की प्रामाणिकता जांचें।

  3. निगम के आधिकारिक माध्यमों से ही भुगतान करें।

जागरण संवाददाता, पटना। साइबर कैफे या किसी दूसरे व्यक्ति के माध्यम से संपत्ति कर जमा करा रहे हैं तो सावधान रहें। भुगतान के बाद मिली रसीद की प्रामाणिकता क्यूआर कोड स्कैन कर जरूर जांच लें।

नगर निगम के संज्ञान में संपत्ति कर भुगतान और निर्धारण के नाम पर ठगी करने के साथ फर्जी रसीद जारी करने की शिकायतें आई हैं।

इसे देखते हुए निगम ने संपत्ति धारकों से सतर्क रहने और केवल आधिकारिक माध्यमों से ही कर जमा करने की अपील की है।

संपत्ति कर के नाम पर ठगी और फर्जी रसीद जारी करने की शिकायतें 

निगम ने स्पष्ट किया है कि संपत्ति कर का भुगतान, निर्धारण, पुनर्निर्धारण और संशोधन जैसी सेवाओं के लिए आधिकारिक टैक्स काउंटर, निगम की ओर से लगाए जाने वाले शिविर या आधिकारिक पोर्टल का ही इस्तेमाल करें।

किसी अनधिकृत व्यक्ति को पैसे न दें। भुगतान करने के बाद आधिकारिक रसीद लेना भी जरूरी है। नगर निगम की आधिकारिक रसीद पर क्यूआर कोड अंकित होता है।

स्‍कैन करने पर म‍िलेगा पूरा विवरण

इसे स्कैन करने पर संपत्ति से जुड़ा विवरण, आर्डर आइडी और निगम के आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध रसीद की डिजिटल प्रति का लिंक मिलता है। इससे रसीद की वैधता की जांच की जा सकती है।

किसी तरह का संदेह होने पर निगम के आधिकारिक टैक्स काउंटर या शिविर में जाकर भी इसकी पुष्टि कराई जा सकती है। निगम के अनुसार, संपत्ति कर भुगतान, निर्धारण, पुनर्निर्धारण और संशोधन से जुड़ी सेवाएं नि:शुल्क उपलब्ध हैं।

इन सेवाओं के लिए किसी तरह का अतिरिक्त सेवा शुल्क नहीं लिया जाता। संपत्ति धारकों को केवल निर्धारित संपत्ति कर की मूल राशि और नियमानुसार लागू दंड राशि ही देनी होती है। इसलिए कोई अतिरिक्त पैसे मांगे या फर्जी रसीद दे तो सतर्क रहें और उसका सत्यापन जरूर कराएं।

12 से 16 अक्टूबर तक वार्डवार शिविर

संपत्ति कर से जुड़ी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम 12 से 16 अक्टूबर तक वार्डवार शिविर लगाएगा।

दो चरणों में आयोजित होने वाले इन शिविरों में संपत्ति धारक कर निर्धारण, पुनर्निर्धारण, संशोधन सहित अन्य संबंधित कार्य करा सकेंगे। नागरिक निर्धारित तिथि पर अपने संबंधित शिविर में पहुंचकर संपत्ति कर से जुड़े कार्य करा सकते हैं।

पहला चरण : 12 से 14 अक्टूबर तक

  • नूतन राजधानी अंचल : कच्ची तालाब, सूर्य मंदिर के पास, गर्दनीबाग (वार्ड-16)।
  • पाटलिपुत्र अंचल : सिद्धेश्वर नगर, मैनपुरा, ग्रीन हेरिटेज के पीछे, पार्षद कार्यालय (वार्ड-22सी)।

दूसरा चरण : 15 से 16 अक्टूबर तक

  • नूतन राजधानी अंचल : सामुदायिक भवन, चांदपुर बेला, पटना-गया लाइन मुख्य सड़क (वार्ड-17)।
  • पाटलिपुत्र अंचल : बोरिंग रोड चौराहा, सुधा मिल्क पार्लर के पास (वार्ड-23)।

नगर निगम के आधिकारिक टैक्स काउंटर

  1. मुख्यालय: ग्राउंड फ्लोर, सी-ब्लाॅक, मौर्यलोक काम्प्लेक्स
  2. अजीमाबाद व पटना सिटी अंचल: मीना बाजार, गुलजारबाग, पटना सिटी
  3. बांकीपुर अंचल: सामुदायिक भवन, वार्ड-38, कदमकुआं मेन रोड, मछली गली के पास
  4. कंकड़बाग अंचल: टेंपो स्टैंड के पास, कंकड़बाग
  5. नूतन राजधानी अंचल: कमरा नंबर-5, जीएसटी भवन के सामने, वीर चंद पटेल मार्ग
  6. पाटलिपुत्र अंचल: सिन्हा लाइब्रेरी के सामने, छज्जूबाग रोड