विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में युवक ने जिस पुलिस अफसर को सुनाई थी खरी-खरी, उसी ने कर द‍िया ऐसा काम क‍ि बोलती बंद

Published: Wed, 07 Oct 2026 05:31 PM (GMT+05:30)

मोकामा में एक युवक ने पहले पुलिस अधिकारी को झिड़का था, लेकिन जब उसकी बाइक चोरी हुई तो उसी अधिकारी ...और पढ़ें

बरामद की गई बाइक। जागरण

बरामद की गई बाइक। जागरण

HighLights

  1. युवक ने पहले पुलिस अधिकारी को कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे।

  2. उसी युवक की बाइक चोरी होने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।

  3. थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने 24 घंटे में चोरी की बाइक बरामद की।

संवाद सूत्र, मोकामा। एक सप्ताह पहले मंदिर में हुई चोरी की जांच के दौरान पुलिस अधिकारी को जिस युवक ने  झिड़कते हुए कानून का पाठ पढ़ाया था, उसी युवक की चोरी हुई बाइक पुलिस ने महज 24 घंटे में बरामद कर ली।

थानाध्यक्ष की इस त्वरित कार्रवाई के बाद युवक के तेवर भी बदल गए। अब वह पुलिस की कार्रवाई की तारीफ कर रहा है। वहीं, पुलिस अधिकारी के धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा की नगर में जमकर चर्चा हो रही है।

दरअसल, मोकामा नगर के सूर्यनारायण मंदिर में पिछले सप्ताह चोरी की घटना हुई थी। चोरों ने मंदिर से पूजा में इस्तेमाल होने वाले कई बर्तन चोरी कर लिए थे।

थानेदार को देखते ही भड़का था युवक 

मामले की जांच के सिलसिले में मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार गोशाला मार्ग स्थित पांडव मार्केट पहुंचे थे। बताया जाता है कि पुलिस अधिकारी को देखते ही मार्केट में मौजूद एक युवक भड़क गया।

उसने थानाध्यक्ष को झिड़कते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और उन्हें कानून का पाठ पढ़ाने लगा। थानाध्यक्ष ने मौके पर अपना आपा नहीं खोया और पूरी सहनशीलता के साथ वहां से लौट गए।

अगले ही सप्ताह उसी युवक के यहां चोरी

सोमवार की रात पांडव मार्केट में चोरों ने उसी युवक की बाइक चोरी कर ली। इतना ही नहीं, चोरों ने एक गैरेज में खड़ी कई गाड़ियों की बैट्री भी चुरा ली।

घटना की सूचना मिलते ही मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने टीम गठित कर चोरों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर बुधवार को चोरी की बाइक हाथीदह से बरामद कर ली।

बाइक बरामद होने के बाद उस युवक के तेवर भी बदल गए। जिस पुलिस अधिकारी के सामने उसने कुछ दिन पहले तैश दिखाया था, उसी की तत्परता देखकर अब वह पुलिस की कार्रवाई की सराहना कर रहा है।