गोली चलने पर भी पीछे नहीं हटा एजेंट, बाइक से किया पीछा; पटना में 2 लुटेरे दबोचे गए, 1.20 लाख लेकर दो फरार
फुलवारी शरीफ के जमुनापुर में अन्नपूर्णा माइक्रोफाइनेंस कंपनी के एजेंट अंकित कुमार ने 1.20 लाख रुपये लूटकर भाग रहे चार ...और पढ़ें
HighLights
एजेंट अंकित ने चार लुटेरों का बहादुरी से पीछा किया।
ग्रामीणों की मदद से दो अपराधी मौके पर पकड़े गए।
पकड़े गए अपराधियों से 48 हजार रुपये बरामद हुए।
संवाद सूत्र, फुलवारी शरीफ (पटना)। गौरीचक थाना क्षेत्र के जमुनापुर में मंगलवार दोपहर अन्नपूर्णा माइक्रोफाइनेंस कंपनी के एजेंट अंकित कुमार ने साहस दिखाया, हालांकि लूट की रकम बरामद नहीं हो सकी।
हथियार के बल पर रुपये लूटकर भाग रहे चार अपराधियों से वह अकेले भिड़ गया। लूट के बाद भाग रहे अपराधियों का अंकित ने बाइक से पीछा किया और शोर मचाता रहा।
अपराधियों ने उसे डराने के लिए गोली भी चलाई, लेकिन वह पीछे नहीं हटा। आखिरकार उसकी हिम्मत और शोर सुनकर जुटे ग्रामीणों की मदद से दो अपराधी पकड़े गए, जबकि दो लूट की रकम लेकर फरार हो गए।
1.20 लाख लूटकर भाग निकले अपराधी
जानकारी के अनुसार, अंकित कुमार वसूली के करीब 1.20 लाख रुपये बैग में रखकर बाइक से जा रहा था। जमुनापुर के पास दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उसे रोक लिया और हथियार दिखाकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया।
इसके बाद सभी भागने लगे। अंकित ने हिम्मत दिखाते हुए उनका पीछा शुरू कर दिया। इस दौरान अपराधियों ने उस पर गोली चलाई, लेकिन वह शोर मचाते हुए उनके पीछे लगा रहा।
जमुनापुर गांव के पास अंकित की आवाज सुनकर ग्रामीण जुट गए। ग्रामीणों ने भाग रहे अपराधियों में से एक बाइक पर सवार दो बदमाशों को पकड़ लिया।
अंकित ने ग्रामीणों को बताया कि दोनों उसके साथ लूटपाट कर भाग रहे थे। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर रखा और पुलिस को सूचना दी।
पकड़े गए अपराधियों की ग्रामीणों ने पिटाई भी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अपने कब्जे में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
लोडेड माउजर और 48 हजार रुपये बरामद
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बाली गांव निवासी ऋतिक कुमार और गोलू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से नौ एमएम का लोडेड माउजर, लूट की रकम में से 48 हजार रुपये, मोबाइल और बाइक बरामद की है।
लूट के बाकी रुपये लेकर फरार हुए दोनों अपराधियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। घटना के समय गांव में दुर्गापूजा की तैयारी को लेकर लोग इधर-उधर थे।
इसी बीच अंकित ने जिस साहस के साथ अपराधियों का पीछा किया, उससे ग्रामीण सतर्क हुए और दो बदमाशों को पकड़ने में कामयाबी मिली।
डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार ने बताया कि लूट के मामले में दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 48 हजार रुपये बरामद हुए हैं।
