विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना के मनेर में एक साथ बुझ गए दो चिराग, बाढ़ के पानी से भरे गड्ढे में डूबकर दो सगे भाइयों की मौत

By uma shankar guptaEdited By: Radha Krishna
Published: Fri, 09 Oct 2026 03:24 PM (IST)

पटना के मनेर थाना क्षेत्र के सादिकपुर गांव में सोन नदी के बाढ़ के पानी से भरे गड्ढे में नहाने ...और पढ़ें

ग्रामीण तैराकों ने पानी से निकाले दोनों भाइयों के शव

ग्रामीण तैराकों ने पानी से निकाले दोनों भाइयों के शव

HighLights

  1. मनेर में बाढ़ के पानी में डूबने से दो भाइयों की मौत।

  2. सादिकपुर गांव में सोन नदी के बाढ़ के गड्ढे में हादसा।

  3. ग्रामीणों ने एक बच्चे को बचाया, दो सगे भाई नहीं बचे।

संवादसूत्र, मनेर(पटना)। पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के सादिकपुर गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। सोन नदी में आई बाढ़ के पानी से भरे एक गड्ढे में नहाने के दौरान तीन बच्चे डूबने लगे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक बच्चे को बचा लिया, लेकिन दोनों भाइयों को नहीं बचाया जा सका। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

मृतकों की पहचान चंदन कुमार पासवान के पुत्र डब्लू कुमार (10) और बबलू कुमार (12) के रूप में हुई है। ग्रामीण तैराकों की मदद से दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

नहाने गए थे तीनों बच्चे, अचानक गहरे पानी में चले गए

जानकारी के अनुसार, सादिकपुर गांव में स्टेट ट्यूबवेल के समीप रहने वाले डब्लू और बबलू अपने एक दोस्त के साथ सोन नदी की बाढ़ के पानी से भरे गड्ढे में नहाने गए थे। तीनों बच्चे नहा रहे थे, तभी वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

बच्चों को डूबता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव की कोशिश शुरू की। तत्परता दिखाते हुए एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दोनों भाई पानी में डूब गए। घटना के बाद परिवार और गांव के लोगों में चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीण तैराकों ने पानी से निकाले दोनों भाइयों के शव

हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण जुट गए। इसके बाद स्थानीय तैराकों की मदद से दोनों भाइयों की तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए।

दोनों बच्चों की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया। जिन बच्चों की हंसी-खुशी से घर गुलजार रहता था, उनके एक साथ चले जाने से परिजन गहरे सदमे में हैं।

दो बेटों को खोकर टूट गया परिवार, गांव में पसरा मातम

चंदन कुमार पासवान के दो ही पुत्र थे और हादसे में दोनों की मौत हो गई। एक साथ अपने दोनों बेटों को खोने का दर्द परिवार के लिए असहनीय है।

घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

पुलिस ने की मौत की पुष्टि

दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने दोनों भाइयों की मौत की पुष्टि की है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।