पटना मनेर में चार नकाबपोश अपराधियों की ताबड़तोड़ फायरिंग, पैक्स अध्यक्ष की मौत; प्रखंड प्रमुख पति घायल
पटना के मनेर में रविवार देर रात बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने प्रखंड प्रमुख के पति और पैक्स अध्यक्ष को ...और पढ़ें

पैक्स अध्यक्ष की मौत
HighLights
पैक्स अध्यक्ष संजीव कुमार की गोली लगने से मौत हुई।
प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार गंभीर रूप से घायल।
पुलिस अपराधियों की पहचान कर जांच में जुटी है।
संवाद सूत्र, मनेर(पटना)। थाना क्षेत्र के ब्यापुर गांव में रविवार देर रात बाइक सवार चार नकाबपोश अपराधियों ने प्रखंड प्रमुख रिंकी देवी के पति पिंटू कुमार उर्फ पिंटू प्वाइजन और पैक्स अध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ भालू भाई को गोली मार दी।
घटना में गंभीर रूप से घायल पैक्स अध्यक्ष संजीव कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पिंटू कुमार का उपचार चल रहा है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
आइसक्रीम फैक्ट्री सह आवास के पास बैठे थे दोनों
जानकारी के अनुसार, घटना के समय दोनों पिंटू कुमार की आइसक्रीम फैक्ट्री सह आवास के पास बैठे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार अपराधी उच्च पथ से मस्जिद गली में पहुंचे और दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरातफरी मच गई। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
संजीव के सीने और पिंटू के पैर-जांघ में लगी गोली
फायरिंग के दौरान पैक्स अध्यक्ष संजीव कुमार के सीने में गोली लगी, जबकि पिंटू कुमार के पैर और जांघ में गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, गंभीर रूप से घायल संजीव कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। पिंटू कुमार का उपचार जारी है।
वारदात के बाद रामजीचक की ओर भागे अपराधी
गोलीबारी करने के बाद अपराधी मुख्य सड़क के रास्ते रामजीचक की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटनास्थल से तीन खाली कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की गतिविधियों और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस वारदात के पीछे के कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
प्रमुख पति या पैक्स अध्यक्ष, निशाने पर कौन था?
घटना के बाद गांव में चर्चा है कि प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार का एक पक्ष से वर्षों से विवाद चल रहा था। पूर्व में भी गोलीबारी की घटनाएं हुई थीं।
वहीं, पैक्स अध्यक्ष संजीव कुमार से किसी विवाद की बात सामने नहीं आई है। ऐसे में पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि अपराधियों का वास्तविक निशाना प्रखंड प्रमुख के पति थे या पैक्स अध्यक्ष।
पुलिस ने अपराधियों की पहचान का किया दावा
एसडीपीओ-2 अमरेंद्र कुमार झा के अनुसार, प्रखंड प्रमुख के पति का गांव में विवाद था। पुलिस अपराधियों की पहचान कर चुकी है और मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। हालांकि, घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
