साफ-सुथरा दिखेगा पटना, 500 की आबादी पर होगा एक सफाईकर्मी
पटना नगर निगम क्षेत्र में अब हर 500 लोगों के लिए वार्डो में एक-एक सफाई मजदूर की तैनाती होगी। इसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
पटना, जेएनएन। अब पटना की प्रमुख सड़कों से लेकर एक-एक गलियां भी चमचमाएंगी। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम ने योजना बना ली है। नगर निगम क्षेत्र में अब हर 500 लोगों के लिए वार्डो में एक-एक सफाई मजदूर की तैनाती होगी। यह गणना 2018 की आबादी के अनुसार मजदूरों की वार्डवार संख्या तय कर की जाएगी।
प्रस्ताव पर निगम बोर्ड ने दी सहमति
प्रस्ताव पर मेयर सीता साहू की अध्यक्षता में आयोजित निगम बोर्ड ने सहमति दे दी। निगम के इस प्रस्ताव से पटना नगर निगम में लगभग पांच सौ से अधिक सफाई मजदूरों की वृद्धि होगी। नगर निगम की ओर से दैनिक वेतनभोगी मजदूर के रूप में इन कर्मियों के वेतन का भुगतान किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही निगम की ओर से वार्डवार मजदूरों की संख्या तय की जाएगी। बताया जाता है कि वर्तमान में नगर निगम क्षेत्र में सफाई के लिए 4000 मजदूर कार्यरत हैं।
अलग-अलग काम के लिए बनी टीम में होंगे 10-10 मजदूर
नगर निगम क्षेत्र में सफाई की व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य अब हर कार्य के लिए अलग-अलग स्पेशल टास्क फोर्स होगी। बोर्ड ने इस प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। इसके तहत निगम में होर्डिग हटाने एवं उनकी कटाई करने, बैनर-पोस्टर हटाने, गाय एवं मवेशी पकड़ने, मल-मूत्र त्याग, कचरा फैलाने एवं प्लास्टिक बैन से संबंधित जुर्माना वसूलना, सफाई की गाड़ियों का रखरखाव व धुलाई तथा पेंटिंग एवं विविध कार्यो के लिए अब अलग-अलग टीमें होंगी। सभी टीमों में 10-10 मजदूर रहेंगे। यह टीम निर्बाध रूप से कार्य करेगी।
लंबी बहस के बाद फ्री होल्ड के निर्णय पर मुहर
नगर निगम में पीआरडीए की भूमि पर 10 फीसद दर से फ्री होल्ड करने को लेकर निगम बोर्ड में जम कर बहस हुई। पार्षदों ने कहा कि सरकार केवल अपना आदेश निगम पर थोपती है। बाद में निगम बोर्ड ने फ्री होल्ड से जनता को होने वाले फायदे को देखते हुए अपनी हरी झंडी दे दी।