पटना में लाइब्रेरियन भर्ती के लिए सर्टिफिकेट लेने उमड़े छात्र, विश्वविद्यालय में हंगामा; पुलिस ने संभाली स्थिति
पटना में लाइब्रेरियन भर्ती परीक्षा के आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक आने से छात्रों में प्रोविजनल सर्टिफिकेट और अंकपत्र लेने ...और पढ़ें

प्रमाणपत्र लेने को उमड़े छात्र।
HighLights
लाइब्रेरियन भर्ती के लिए सर्टिफिकेट लेने की होड़।
मौलाना मजहरुल हक विश्वविद्यालय में छात्रों की भारी भीड़।
अव्यवस्था के कारण पुलिस को बुलाना पड़ा।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में लाइब्रेरियन भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर नजदीक होने होने के कारण विद्यार्थियों में जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज हासिल करने की जल्दबाजी बढ़ गई है।
शनिवार को मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय में प्रोविजनल सर्टिफिकेट और अंकपत्र लेने के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी पहुंचे।
अचानक बढ़ी भीड़ के कारण विश्वविद्यालय के काउंटर पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई। कतार में खड़े विद्यार्थी बीच-बीच में हंगामा करते रहे।
पुलिस ने संभाली स्थिति
अधिक भीड़ को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन इसकी सूचना पुलिस प्रशासन की दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला।
विद्यार्थी देर शाम तक विश्वविद्यालय परिसर में डटे रहे। कुछ विद्यार्थी सड़क जाम करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें हटा दिया।
2016 के विद्यार्थी पहुंचे सर्टिफिकेट लेने
बीएलआइएस (बैचलर आफ लाइब्रेरी एंड इंफार्मेशन साइंस) सत्र 2025-26 के वैसे विद्यार्थी, जो बिहार के विभिन्न नालेज रिसोर्स केंद्रों में अध्ययनरत हैं, अपने प्रोविजनल सर्टिफिकेट और अंकपत्र लेने विश्वविद्यालय पहुंचे थे।
इनके साथ वर्ष 2016 से लेकर सत्र 2024-25 तक के पूर्ववर्ती बैच के विद्यार्थी भी दस्तावेज प्राप्त करने के लिए पहुंच गए। एक साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के आने से काउंटर पर भीड़ बढ़ गई और उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।

अलग-अलग सत्र के लिए बनाए गए काउंटर
विद्यार्थियों की भीड़ को देखते हुए विश्वविद्यालय की ओर से में अलग-अलग सत्र के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं।
यहां से विद्यार्थियों को उनके संबंधित सत्र के अंकपत्र और प्रोविजनल सर्टिफिकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से भीड़ को व्यवस्थित करने का प्रयास किया गया, ताकि विद्यार्थियों को दस्तावेज प्राप्त करने में परेशानी न हो।
आज भी वितरित होगा प्रमाण पत्र
परीक्षा नियंत्रक अब्दूल रहीम सफी ने बताया कि अवकाश रहने के बावजूद 18 अक्टूबर को प्रोविजनल सर्टिफिकेट और अंकपत्र का वितरण किया जाएगा।
इसके बाद फिर 22 अक्टूबर से इसके लिए काउंटर खोला चाएगा। भीड़ नियंत्रित करने के लिए सत्र के अनुसार अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं।
