सुबह-सुबह पटना में 7 लाख की चेन स्नैचिंग से हड़कंप, बाइक सवार युवक-युवती ने ऐसे बनाया निशाना
पटना के कुर्जी इलाके में बुधवार सुबह बाइक सवार युवक-युवती ने घर के बाहर खड़े एक व्यक्ति के गले से ...और पढ़ें

पटना के कुर्जी में दिनदहाड़े छीनी सात लाख की चेन। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पटना के कुर्जी में सुबह 7 लाख की चेन झपटी।
बाइक सवार युवक-युवती ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, जांच जारी है।
जागरण संवाददाता, पटना। दीघा थाना क्षेत्र के कुर्जी इलाके में बुधवार सुबह बाइक सवार युवक-युवती ने घर के बाहर खड़े एक व्यक्ति के गले से चेन झपट ली।
पीड़ित के अनुसार चेन की कीमत करीब सात लाख रुपये है। घटना सुबह करीब आठ बजे की बताई जा रही है। जानकारी मिलते ही दीघा थानाध्यक्ष अवनीश कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
बाइक से पहुंचे युवक-युवती
पीड़ित घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान बाइक सवार युवक-युवती वहां पहुंचे और मौका मिलते ही उनके गले से चेन झपटकर फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके।
पिस्टल के बल पर चेन छीनने से पुलिस का इनकार
थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने पिस्टल के बल पर चेन स्नैचिंग किए जाने की बात से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। आवेदन के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कंकड़बाग में पहले पकड़ा जा चुका है गिरोह
चेन स्नैचिंग की इस घटना के बीच कुछ दिन पहले कंकड़बाग पुलिस की कार्रवाई भी चर्चा में है। पुलिस ने चेन स्नैचिंग से जुड़े बंटी-बबली समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया था।
अब कुर्जी में बाइक सवार युवक-युवती द्वारा इसी तरह की वारदात किए जाने से पुलिस के सामने गिरोह की गतिविधियों की जांच की चुनौती है। हालांकि, कुर्जी की घटना में गिरफ्तार गिरोह के सदस्यों की संलिप्तता की अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।
