पटना जंक्शन पर सफाई कर्मियों की हड़ताल, ड्यूटी पर तैनात सहकर्मी के मौत को लेकर फूटा गुस्सा
पटना जंक्शन पर सफाईकर्मी भीम पासवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सफाईकर्मियों ने काम ठप कर दिया है। ...और पढ़ें
HighLights
पटना जंक्शन पर सफाईकर्मी भीम पासवान की संदिग्ध मौत।
सफाईकर्मियों ने काम बंद कर प्रदर्शन किया, जंक्शन पर गंदगी।
एजेंसी पर कार्रवाई और मृतक के परिवार को मुआवजा की मांग।
जागरण संवाददाता, पटना। पटना जंक्शन पर सफाई ड्यूटी में तैनात सफाईकर्मी भीम पासवान की बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घटना के बाद गुरुवार सुबह से सफाईकर्मियों में आक्रोश है। सफाईकर्मियों ने जंक्शन की सफाई व्यवस्था ठप कर दी और प्लेटफॉर्म नंबर आठ पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इससे जंक्शन परिसर में जगह-जगह गंदगी पसरी हुई है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सफाईकर्मी हड़ताल पर चले गए हैं। स्वजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
सफाईकर्मी एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई और मृतक के स्वजन को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, सफाई कार्य शुरू नहीं किया जाएगा।
दो शिफ्ट में की थी ड्यूटी
जानकारी के अनुसार, महुली निवासी भीम पासवान पटना जंक्शन पर सफाई का काम करने वाली एजेंसी में कार्यरत था। बुधवार 16 सितंबर को उसकी दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई थी।
पहली शिफ्ट सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक थी। इसके बाद उसे दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक दूसरी शिफ्ट में भी काम करना था।
बताया जा रहा है कि दूसरी शिफ्ट के दौरान ही अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
स्वजन का आरोप-समय पर नहीं दी सूचना
मृतक के स्वजन ने एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि भीम की मौत की सूचना उन्हें समय पर नहीं दी गई। स्वजन के अनुसार, घटना के बाद एजेंसी की ओर से जिस तरह की कार्रवाई की गई, उससे परिवार को काफी परेशानी हुई।
स्वजन का आरोप है कि एजेंसी ने भीम के शरीर से ड्यूटी ड्रेस और परिचय पत्र तक हटा दिया। सफाईकर्मियों ने भी इसको लेकर नाराजगी जताई है और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
सफाई बंद होने से जंक्शन पर बढ़ी परेशानी
सफाईकर्मियों के प्रदर्शन के कारण गुरुवार सुबह से पटना जंक्शन की सफाई व्यवस्था प्रभावित है। प्लेटफॉर्म और परिसर में जगह-जगह कूड़ा और गंदगी जमा होने लगी है।
बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही वाले जंक्शन पर सफाई बंद रहने से स्थिति और खराब होने की आशंका है। सफाईकर्मियों का कहना है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने, एजेंसी पर कार्रवाई करने और घटना की निष्पक्ष जांच कराने के बाद ही वे काम पर लौटेंगे।
रेलवे और संबंधित एजेंसी की ओर से मामले में आधिकारिक रूप से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजर है।
