हीट वेव की चपेट में पटना, पारा 42.2 डिग्री पहुंचा
इस मौसम में पहली बार पटना और मगध क्षेत्र सोमवार को हीट वेव की चपेट में रहे।
पटना : इस मौसम में पहली बार पटना और मगध क्षेत्र सोमवार को हीट वेव की चपेट में रहे। गया, औरंगाबाद, नालंदा और राजगीर में झुलसा देने वाली गर्म हवा से लोग बेहाल रहे। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को दक्षिण बिहार के अलावा भागलपुर के तापमान में वृद्धि होने के आसार हैं। 22 जून तक राज्य के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
सोमवार को सुबह से ही पटना में गर्म हवा से लोग परेशान रहे। अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री और न्यूनतम तापामन 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंचने के कारण राजधानी क्षेत्र में उमस भरी गर्मी अभी सताएगी।
गया का अधिकतम तापमान 42.4 और न्यूनतम 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भागलपुर का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पूर्णिया का अधिकतम 35.2 डिग्री और न्यूनतम 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग द्वारा जारी साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार 20 से 22 जून के बीच गया और औरंगाबाद का तापमान 44 डिग्री पहुंच सकता है। इसी अवधि में पटना, राजगीर और नालंदा का अधिकतम तापमान 43 डिग्री, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी और छपरा का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से पार करने की संभावना है।
------