पटना हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव बोले- पूर्ववर्तियों के काम को आगे बढ़ाना प्राथमिकता
पटना हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव का स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जहाँ उन्होंने पूर्ववर्ती मुख्य न्यायाधीशों ...और पढ़ें

मुख्य न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव
HighLights
मुख्य न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव ने न्यायिक सुधारों को गति देने की बात कही।
त्वरित न्याय हेतु बार-बेंच में बेहतर तालमेल आवश्यक बताया।
बिहार की न्यायिक व्यवस्था को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
विधि संवाददाता, पटना। पटना हाईकोर्ट के शताब्दी सभागार में नव नियुक्त मुख्य न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि उनकी प्राथमिकता पूर्ववर्ती मुख्य न्यायाधीशों की ओर से शुरू किए गए लोकहित और न्यायिक सुधार के कार्यों को गति देना और आगे बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग से बिहार की न्यायिक व्यवस्था को और सशक्त बनाने के लिए वह प्रतिबद्ध हैं।
त्वरित और सुलभ न्याय के लिए बार-बेंच में बेहतर तालमेल जरूरी
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि त्वरित और सुलभ न्याय के लिए बार और बेंच के बीच मजबूत समन्वय बेहद जरूरी है। दिल्ली हाईकोर्ट से अपने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीपी वाधवा के बाद वह दिल्ली हाईकोर्ट से पटना हाईकोर्ट आने वाले दूसरे मुख्य न्यायाधीश हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती न्यायाधीशों के उल्लेखनीय कार्यों को भी याद किया।
वरिष्ठ न्यायाधीशों और अधिवक्ता संघों ने किया स्वागत
समारोह की शुरुआत वरिष्ठ न्यायाधीश सुधीर सिंह के औपचारिक स्वागत से हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्य न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव के नेतृत्व में न्यायिक कार्यों में तेजी आएगी और लंबित मामलों का जल्द निष्पादन होगा।
पटना हाईकोर्ट अधिवक्ता संघ की समन्वय समिति के अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता योगेश चंद्र वर्मा ने कहा कि जनता और विधिक बिरादरी को नए मुख्य न्यायाधीश से काफी उम्मीदें हैं।
न्याय व्यवस्था में पारदर्शिता के लिए सहयोग का भरोसा
बिहार राज्य बार काउंसिल के अध्यक्ष रामाकांत शर्मा, लॉयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष उमाकांत और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पीएन शाही ने भी मुख्य न्यायाधीश का स्वागत किया।
सभी ने अपनी संस्थाओं की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। समारोह के अंत में मुख्य न्यायाधीश ने मौजूद जजों, अधिवक्ता संघों के पदाधिकारियों, वकीलों और न्यायिक अधिकारियों के प्रति आभार जताया।
