विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तीन हजार करोड़ के हवाला रैकेट का पटना कनेक्शन, कार से 30 लाख बरामद; गुजरात के तीन कारोबारी हिरासत में

Published: Wed, 23 Sep 2026 12:54 AM (IST)

पटना के बोरिंग रोड पर पुलिस और आयकर विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक कार से 30 लाख रुपये नकद ...और पढ़ें

पटना बोरिंग रोड में कार की तलाशी में मिली नकदी

पटना बोरिंग रोड में कार की तलाशी में मिली नकदी

जागरण संवाददाता, पटना। बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के बोरिंग रोड स्थित एक अपार्टमेंट में पुलिस और आयकर विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक कार से 30 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में रकम के हवाला कारोबार से जुड़े होने की बात सामने आई है।

संदेह है कि पूरा मामला करीब तीन हजार करोड़ रुपये के हवाला नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल बुद्धा कॉलोनी थाने की पुलिस ने गुजरात के तीन कारोबारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

कार की तलाशी में मिली नकदी

बताया जाता है कि एक कार की टक्कर के बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध कार का पीछा किया। जांच के दौरान कार की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में नकदी मिली।

इसके बाद कार को जब्त कर तीनों कारोबारियों को बुद्धा कॉलोनी थाने लाया गया। सूचना मिलने पर आयकर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और रकम के स्रोत तथा उसके इस्तेमाल के संबंध में पूछताछ शुरू की।

हिरासत में लिए गए तीनों कारोबारी गुजरात के बताए जा रहे हैं। पुलिस और आयकर विभाग की टीम उनके पटना आने और यहां ठहरने के कारणों की भी जानकारी जुटा रही है। साथ ही, बरामद रकम से जुड़े अन्य लोगों और ठिकानों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।

गुजरात से रकम लेकर पटना पहुंचने का संदेह

सूत्रों के अनुसार, तीनों कारोबारी गुजरात से मोटी रकम लेकर निकले थे। उन्हें कोलकाता में रकम की डिलीवरी देनी थी। बताया जा रहा है कि कोलकाता में रकम देने के बाद वे पटना पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस की कार्रवाई में कार से 30 लाख रुपये बरामद हो गए।

अन्य ठिकानों पर भी जांच तेज

अब आयकर विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि बरामद रकम किसकी है, इसका स्रोत क्या है और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

पुलिस और आयकर विभाग की टीमें मामले से जुड़े अन्य ठिकानों की भी जानकारी जुटा रही हैं। संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जांच एजेंसियां बरामद नकदी और कथित हवाला नेटवर्क के बीच संबंधों की पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले और इसके संभावित नेटवर्क की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।