बिहार जा रहे हैं तो साथ मत ले जाएं शराब
बिहार जाने वाले यात्री शराब लेकर और शराब का सेवन करके ट्रेनों में यात्रा न करें।
पटना। 'बिहार जाने वाले यात्री शराब लेकर और शराब का सेवन करके ट्रेनों में यात्रा न करें। बिहार में शराबबंदी कानून लागू है। आप शराबबंदी कानून के तहत गिरफ्तार किए जा सकते हैं। घर जाने के बदले जेल जाना पड़ सकता है।' यह आवाज अब देश की राजधानी दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन पर गूंजेगी। बिहार जीआरपी के जवान छठ महापर्व पर दिल्ली से ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को सुरक्षित यात्रा कराने के साथ-साथ शराबबंदी के बारे में भी जानकारी देंगे। इसके लिए एक टीम दिल्ली भेजी गई है। रेल एसपी अशोक कुमार सिंह ने टीम को रवाना करने के पहले पुलिस कर्मियों को उनके काम के बारे में जानकारी दी।
देश के कोने-कोने में रहने वाले बिहार के लोग छठ महापर्व में घर आ रहे हैं। ऐसे में उन्हें निशाना बनाने के लिए नशाखुरानी गिरोह और पॉकेटमार सक्रिय हो गए हैं। इसे देखते हुए बिहार जीआरपी ने रेल यात्रियों को सुरक्षित ढंग से यात्रा कराने के लिए कमर कस ली है। रेल एसपी अशोक कुमार सिंह ने आनंद विहार और मुगलसराय के लिए जीआरपी के जवानों को रवाना किया है। ये जवान आनंद विहार स्टेशन पर माइक से एनांउसिंग कर बिहार लौटने वाले यात्रियों को जागरूक करेंगे। वहां उद्घोषणा प्रणाली से सूचनाएं प्रकाशित कराएंगे। खुद ट्रेनों में यात्रा करेंगे। पटना से आनंद विहार तक सिविल ड्रेस में भी तैनात रहेंगे। रेल एसपी ने रवाना होने के पूर्व स्पष्ट कहा कि एक भी घटना नहीं होने दें। सक्रियता के साथ ड्यूटी करनी है। पटना जीआरपी प्रभारी रवि प्रकाश सिंह ने कहा कि पटना जंक्शन पर छठ महापर्व को लेकर चौकसी बढ़ा दी गई है। रेल एसपी ने आठ टीमें बनाई है। ये टीमें छठ पूजा की समाप्ति तक सक्रिय रहेंगी। आनंद विहार स्टेशन और मुगलसराय स्टेशन पर सक्रिय रहेंगी। टीम को लाउडस्पीकर और प्रचार सामग्री दी गई है।