पटना में फोरलेन पर तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई, 87 वर्षीय मां की मौत; NTPC के रिटायर्ड DGM और पत्नी गंभीर
पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर हुए भीषण सड़क हादसे में एनटीपीसी के रिटायर्ड डीजीएम की 87 वर्षीय मां की मौत हो गई। ...और पढ़ें

पटना के बख्तियारपुर में सड़क हादसा।
HighLights
पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर हुआ भीषण सड़क हादसा।
NTPC के रिटायर्ड DGM की मां की मृत्यु।
DGM और पत्नी गंभीर रूप से घायल, पटना रेफर।
संवाद सूत्र, बख्तियारपुर (पटना)। पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। इसमें एनटीपीसी कांटी के रिटायर्ड डीजीएम की मां की मौत हो गई। डीजीएम और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
रिटायर्ड डीजीएम हिमांशु शेखर (60) एवं उनकी पत्नी संध्या सिन्हा (57) को पटना रेफर कर दिया गया। पुलिस ने उनकी मां रंभा देवी (87) के शव को कब्जे में ले लिया।
बताया जाता है कि फोरलेन पर चकदौलत के पास हादसा हुआ। पटना से बख्तियारपुर आने वाली लेन में आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लेने से पीछे चल रही कार की जोरदार टक्कर हो गई।
अस्पताल में मां को डॉक्टर ने किया मृत घोषित
इस घटना में कार सवार तीनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। वहां रंभा देवी को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं हिमांशु शेखर और उनकी पत्नी को रेफर कर दिया गया। उन्हें एनटीपीसी बाढ़ से आई एंबुलेंस से पटना भेजा गया। हिमांशु शेखर मूल रूप से नालंदा के पैठना वेना निवासी थे।
एक आयोजन में शामिल होने जा रहे थे गांव
हादसे की सूचना पर पहुंचे उनके भाई सत्येंद्र शेखर ने बताया कि हिमांशु शेखर पिछले माह ही एनटीपीसी कांटी, मुजफ्फरपुर से रिटायर हुए थे।
गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वे मां और पत्नी के साथ मुजफ्फरपुर से कार से जा रहे थे। इसी क्रम में यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि जख्मी की हालत खतरे से बाहर है। गांव के लोग भी आ रहे हैं।
