विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेटे-बहू पर जानलेवा हमला के आरोप‍ित पिता ने की खुदकुशी! पटना में रेलवे ट्रैक पर मिला 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव

Published: Sun, 11 Oct 2026 10:05 PM (IST)

पटना में 70 वर्षीय कृष्णा सिंह की ट्रेन से कटकर मौत हो गई, जिन पर कुछ घंटे पहले घरेलू विवाद ...और पढ़ें

ट्रेन से कटकर बुजुर्ग की मौत। सांकेत‍िक तस्‍वीर

ट्रेन से कटकर बुजुर्ग की मौत। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. पटना में 70 वर्षीय कृष्णा सिंह की ट्रेन से कटकर मौत।

  2. घरेलू विवाद में बेटे-बहू पर हमला करने का था आरोप।

  3. पुलिस को आत्महत्या का संदेह, मामले की जांच जारी।

जागरण संवाददाता, पटना सिटी। मेहंदीगंज थाना क्षेत्र के उदरहमापुर स्थित अलखिया बाबा मठ के समीप शनिवार सुबह घरेलू विवाद में बेटे पर हमला करने के आरोपित 70 वर्षीय कृष्णा सिंह की ट्रेन से कटकर मौत हो गई।

शनिवार को ही गुलजारबाग और राजेंद्र नगर के सीमा क्षेत्र के समीप रेलवे ट्रैक से एक वृद्ध का शव बरामद हुआ था। रविवार सुबह स्वजनों ने शव की पहचान कृष्णा सिंह के रूप में की।

बेटे पर हमले के बाद से ही वह घर से निकले हुए थे। पुलिस प्रथम दृष्टया ट्रेन से कटकर खुदकुशी किए जाने की आशंका जता रही है। हालांकि, मामले की छानबीन जारी है।

अज्ञात मान पोस्टमार्टम के लिए भेजा था शव

गुलजारबाग जीआरपी पोस्ट प्रभारी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को रेलवे पुलिस ने गुलजारबाग और राजेंद्र नगर के सीमा क्षेत्र के समीप ट्रेन से कटे वृद्ध का शव बरामद किया था।

उस समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। वृद्ध की मौत किस ट्रेन की चपेट में आने से हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

रविवार सुबह स्वजनों ने शव की पहचान मेहंदीगंज थाना क्षेत्र के उदरहमापुर निवासी 70 वर्षीय कृष्णा सिंह के रूप में की।

घरेलू विवाद में बेटे पर किया था हमला

मेहंदीगंज थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि शनिवार को कृष्णा सिंह का अपने 40 वर्षीय बेटे राजेश सिंह के साथ घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था।

विवाद के दौरान आक्रोशित पिता ने धारदार हथियार से बेटे पर हमला कर दिया। इसमें राजेश के हाथ और पैर में गहरी चोटें आईं। पति को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची बहू निक्की देवी भी घायल हो गईं।

घटना के बाद घायल दंपती को इलाज के लिए निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। वहीं, बेटे पर हमला करने के बाद कृष्णा सिंह घर से निकल गए थे।

बाद में रेलवे ट्रैक से एक वृद्ध का शव मिलने की सूचना मिली। रविवार को शव की पहचान होने के बाद दोनों घटनाओं के बीच संबंध स्पष्ट हुआ।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बेटे पर हमला करने के बाद कृष्णा सिंह ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली।

हालांकि, उनकी मौत की परिस्थितियों और घटनाक्रम की पुष्टि के लिए जांच की जा रही है। रेलवे पुलिस भी मामले की छानबीन में जुटी है।