फरक्का जल संधि पर JDU का नीतीश संवाद, दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर वर्चुअल बैठक
जदयू ने फरक्का जल संधि पर 'नीतीश संवाद' के दूसरे चरण की तैयारियों के लिए वर्चुअल बैठक की। इस चरण ...और पढ़ें

बिहार 30 वर्षों से चुका रहा फरक्का की कीमत
HighLights
जदयू ने फरक्का जल संधि पर नीतीश संवाद का दूसरा चरण।
सारण, वैशाली, समस्तीपुर, पटना में 6-9 अक्टूबर को नीतीश संवाद।
बिहार 30 वर्षों से फरक्का बराज की भारी कीमत चुका रहा।
राज्य ब्यूरो, पटना। फरक्का जल संधि को लेकर जदयू के नीतीश संवाद के दूसरे चरण की तैयारियों के लिए रविवार को जदयू प्रदेश कार्यालय से वर्चुअल बैठक हुई। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि इसी महीने छह, सात, आठ और नौ अक्टूबर को क्रमश: सारण, वैशाली, समस्तीपुर और पटना में नीतीश संवाद आयोजित किए जाएंगे।
संबंधित जिलों के नेताओं से हुई तैयारी की समीक्षा
दूसरे चरण के कार्यक्रमों को लेकर संबंधित जिलों के विधानमंडल दल के सदस्यों, जिलाध्यक्षों, प्रखंड अध्यक्षों, प्रकोष्ठ अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ वर्चुअल बैठक में तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रदेश नेतृत्व ने कार्यक्रम को लेकर जिलों में संगठन की भूमिका और भागीदारी पर भी चर्चा की।
‘बिहार 30 वर्षों से चुका रहा फरक्का की कीमत’
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि बिहार पिछले 30 वर्षों से फरक्का बराज और फरक्का जल संधि की भारी कीमत चुका रहा है।
उनके अनुसार फरक्का बराज के कारण गंगा में बड़ी मात्रा में गाद जमा होने से नदी की गहराई और जलधारण क्षमता प्रभावित हुई है। इसका असर बिहार में हर वर्ष आने वाली बाढ़ पर पड़ता है।
‘बाढ़ के साथ सूखे की स्थिति भी’
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि फरक्का बराज से होने वाले प्रभाव के कारण किसानों की फसलें बर्बाद होती हैं और आम जनजीवन प्रभावित होता है।
उन्होंने दावा किया कि शुष्क मौसम में बिहार को गंगा सहित राज्य की आंतरिक नदियों का पानी भी फरक्का बराज को देना पड़ता है, जिससे कई जिलों में सूखे जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
संधि के 73 प्रतिशत बोझ का दावा
कुशवाहा ने कहा कि फरक्का जल संधि अंतरराष्ट्रीय समझौता है, लेकिन इसका 73 प्रतिशत बोझ अकेले बिहार को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नीतीश संवाद के माध्यम से इस मुद्दे पर लोगों को जागरूक करने और फरक्का जल संधि के प्रभावों पर चर्चा की जा रही है।
संजय कुमार सिंह ने किया धन्यवाद ज्ञापन
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी ने किया। वर्चुअल बैठक में डा. अमरदीप, प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी शंभू कुशवाहा और अंजुम आरा सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
