पटना में पूजा घूमने गया परिवार, बंद घर से 11.50 लाख के जेवर और सीसीटीवी में कैद हुए चोर
पटना के गर्दनीबाग में दुर्गापूजा के दौरान एक बंद घर से चोरों ने 11.50 लाख रुपये के जेवर और नकदी ...और पढ़ें

चोरों ने उड़ाए कैश और लाखों के जेवरात (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
पटना के गर्दनीबाग में बंद घर से चोरी।
11.50 लाख रुपये के जेवर और नकदी गायब।
सीसीटीवी में कैद हुए दो चोर, पुलिस जांच में जुटी।
संवाद सूत्र, फुलवारी शरीफ(पटना)। पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के पुलिस कॉलोनी स्थित राधिका सदन में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाकर करीब 11.50 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। घटना दुर्गापूजा की नवमी की रात की है। घर के मालिक राज कुमार शर्मा का परिवार पूजा घूमने निकला था।
इसी दौरान दो चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपये नकद तथा करीब दस लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
रात दो बजे घर लौटा परिवार, टूटा मिला ताला
जानकारी के अनुसार, दुर्गापूजा की नवमी की रात राज कुमार शर्मा का परिवार घूमने निकला था। रात करीब दो बजे जब सभी घर लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।
घर के अंदर जाने पर कमरों में रखी अलमारियां टूटी हुई थीं और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपये नकद और करीब दस लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। इसके बाद परिवार ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें चोरी की वारदात का खुलासा हुआ।
सीसीटीवी में दिखे दो चोर, दो घंटे तक घर में रहे
सीसीटीवी फुटेज में दो युवक रात करीब 12 बजे घर में प्रवेश करते और करीब दो बजे बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारियों को खंगालने के बाद नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। परिवार ने फुटेज सुरक्षित कर पुलिस को उपलब्ध करा दिया है।
प्राथमिकी दर्ज, आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने गर्दनीबाग थाना पुलिस को सूचना दी। इस संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपितों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।
