पटना के 46 पूजा पंडालों में अब भी आग से बचाव के इंतजाम नहीं, अग्निशमन विभाग ने उठाया कदम
दुर्गा पूजा के लिए पटना में अग्निशमन विभाग और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। 1310 पंडालों में ...और पढ़ें

पुनाईचक में स्थापित माता दुर्गा की भव्य प्रतिमा। जागरण
HighLights
46 पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम नहीं।
61 स्थानों पर अग्निशमन दल और 30 कंट्रोल रूम।
ड्रोन से निगरानी, 25 डीएसपी और 2000 पुलिस जवान।
जागरण संवाददाता, पटना। दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए अग्निशमन विभाग और पटना पुलिस ने व्यापक तैयारी की है।
शहर के 1310 पूजा पंडालों का अग्निशमन विभाग की ओर से निरीक्षण किया जा चुका है। जांच में 80 पंडाल संवेदनशील पाए गए, जिनमें से 46 ने नोटिस जारी होने के बाद भी अग्नि सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं किए हैं।
इन पंडालों को लेकर अग्निशमन विभाग ने संबंधित एसडीएम को पत्र लिखकर कार्रवाई की पहल की है। साथ ही, इन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
61 स्थानों पर फायर ब्रिगेड की टीम रहेगी मुस्तैद
आगजनी की घटनाओं पर तत्काल नियंत्रण और राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए अग्निशमन विभाग ने शहर में व्यापक इंतजाम किए हैं।
इसके तहत 61 स्थानों पर अग्निशमन वाहन तैनात रहेंगे। पूरी व्यवस्था के संचालन और आपात सूचना पर त्वरित कार्रवाई के लिए 30 स्थायी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।
सुरक्षा अभियान में कुल 672 अग्निशमनकर्मियों को लगाया गया है। विभाग का जोर पंडालों में अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन के साथ किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर है।
ड्रोन से होगी निगरानी, 25 डीएसपी को मिली जिम्मेदारी
पूजा के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए पटना पुलिस ने भी अपनी तैयारी पूरी कर ली है। इस बार निगरानी व्यवस्था में ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
जिले के अलग-अलग इलाकों में 25 डीएसपी ड्रोन के माध्यम से निरीक्षण करेंगे। इससे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों की निगरानी करने में मदद मिलेगी।
पुलिस की कोशिश है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अव्यवस्था की जानकारी समय रहते मिल सके और तत्काल कार्रवाई की जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पटना में 800 स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां पुलिस बल तैनात रहेंगे। इसके अलावा दो हजार पुलिस जवानों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। शहर में सुरक्षा प्रबंधन के लिए 14 कंपनियां भी तैनात की गई हैं।
