तोड़ा जाएगा मकानों का हिस्सा, पटना-दीघा खंड पर फरवरी से बनेगी फोरलेन सड़क
पटना में जल्द ही फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। पटना-दीघा खंड पर फरवरी से बनने लगेगी फोरलेन सड़क।
पटना, जेएनएन। पटना- दीघा रेलखंड की जमीन पर फरवरी माह के अंत तक सड़क निर्माण प्रारंभ होने की संभावना है। निविदा की प्रक्रिया चल रही है। आठ को तकनीकी निविदा तथा 18 फरवरी को वित्तीय निविदा खुलेगी। जिला प्रशासन ने रेलखंड से अतिक्रमण हटा दिया है। रेलवे पटरी उखाड़ने का कार्य पूर्ण हो चुका है।
किसी पर नहीं बनाया जाएगा दबाव
जिलाधिकारी कुमार रवि ने बताया कि इस रेलखंड पर 15 मंदिर हैं। इनमें 10 बड़े मंदिर हैं। प्रशासन मंदिर प्रबंधकों से सीधे संपर्क में है। सब मंदिर को अन्य मंदिरों में स्थापित करने एवं अन्य स्थानों पर ले जाने के लिए तैयार हैं। प्रशासन उनकी हरसंभव मदद करेगा। मंदिर हटाने के लिए दबाव नहीं बनाया जा रहा है। पथ निर्माण का कार्य प्रारंभ होते ही सभी मंदिर हट जाएंगे। स्थानीय लोग भी इसके पक्ष में हैं।
बढ़े हुए भागों पर की जाएगी कार्रवाई
रेलखंड के किनारे बने 47 मकानों को आगे बढ़ाकर बनाया गया है। बढ़े हुए भाग को तोड़ा जाएगा। वहीं रेल लाइन के एक किनारे नाला है। इस कारण मापी नहीं हो पाई है। मकान तोड़ने का कार्य भी प्रारंभ होगा। सभी मंदिर हटा दिए जाएंगे तथा मकानों को तोड़ दिया जाएगा। लोग खुद भी अपने घर का बढ़ा हुआ निर्माण हटा सकते हैं।
चार मेगा परियोजनाएं होंगी शुरू
एनएच से संबंधित चार मेगा परियोजनाओं का कार्यारंभ 15 से 21 जनवरी के बीच होगा। इन परियोजनाओं पर 1061 करोड़ रुपए खर्च होंगे। पथ निर्माण विभाग की देखरेख में इन परियोजनाओं का क्रियान्वयन होगा। पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने सोमवार को इस आशय की जानकारी दी।
आज होगा दानापुर-मनेर पथ का कार्यारंभ
पथ निर्माण मंत्री ने बताया कि पंद्रह जनवरी को दानापुर-मनेर पथ के 30 किमी जर्जर हिस्से को दुरुस्त किए जाने का काम आरंभ होगा। इस प्रोजेक्ट पर 25.86 करोड़ रुपए खर्च होंगे। एनएच के इस हिस्से का निर्माण छह महीने में पूरा कर लिया जाएगा। अगले तीन वर्ष तक रख रखाव की जिम्मेवारी संबंधित निर्माण कंपनी की होगी। कंपनी को निर्धारित अवधि में काम शुरू कर तय समय सीमा तक पूरा करने का आदेश दिया गया है।
सोलह को होगा मुंगेर रेल सह सड़क पुल के एप्रोच रोड का निर्माण
मुंगेर रेल सह सड़क पुल के एप्रोच रोड का निर्माण लंबी अवधि से अटका पड़ा है। इसके तहत 14.51 किमी लंबे एप्रोच रोड का निर्माण कराया जाना है। इसका कार्यारंभ 16 जनवरी को होगा। इसके निर्माण पर 227.77 करोड़ रुपए खर्च होंगे। अगले तीस महीने में इस सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाना है।
एनएच-30 के आरा-मोहनिया पथ पथ का काम 20 को होगा शुरू
जर्जर आरा-मोहनिया (एनएच-30) के जर्जर हिस्से को दुरुस्त किए जाने काम 20 जनवरी से आरंभ होगा। इस योजना पर 71.67 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके तहत 117 किमी लंबाई में सड़क के जीर्णोद्धार का काम छह माह में पूरा होगा। वहीं आरा-मोहनिया सड़क की फोरलेनिंग के लिए डीपीआर बनाने की प्रक्रिया भी आरंभ हो गई है।