पटना साहिब में 6 करोड़ का अनोखा थाना, गुरुद्वारे जैसा भवन; प्रकाश पर्व के 9 साल बाद भी सपना अधूरा
श्री गुरु गोविंद सिंह के 350वें प्रकाश पर्व के लिए पटना सिटी के चौक थाना को पर्यटक थाना के रूप ...और पढ़ें

पटना सिटी स्थित पर्यटक थाना। जागरण
HighLights
चौक थाना को पर्यटक थाना के रूप में विकसित किया गया था।
6 करोड़ की लागत से गुरुद्वारे जैसा भवन बनाया गया।
प्रकाश पर्व के 9 साल बाद भी योजनाएं कागजों पर।
अनिल कुमार, पटना सिटी। श्री गुरु गोविंद सिंह के 350 वें प्रकाश पर्व के दौरान देश-विदेश की संगतों की सुविधा के लिए चौक थाना को बिहार के प्रथम पर्यटक थाना के रुप में विकसित कर अलग लुक दिया गया।
भवन को पटना साहिब गुरुद्वारा का रुप दिया गया। यहां तैनात पुलिस वालों को अतिथि सत्कार के साथ कानून व्यवस्था की कमान संभालने की जिम्मेवारी देने की बात कही गई थी।
चौक थाना परिसर में देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए बैंक, एटीएम, मिठाई दुकान, गाइड व सहायता केंद्र जैसी सुविधाएं एक छत के नीचे मिलने की घोषणा की गई थी।
प्रकाश पर्व के नौ वर्ष बीतने के बाद भी पर्यटक थाना की योजनाएं सिर्फ कागजों पर ही रह गई।
छह करोड़ की लागत से 50 फीट ऊंचाई वाले भवन का निर्माण
छह करोड़ की लागत से 50 फीट ऊंचाई वाले निर्मित थाना भवन का निर्माण 24 हजार 756 फीट में हुआ था। 150 बेड सिपाहियों के बैरक के लिए निर्माण कराया गया।
पर्यटक थाने के चौथे तल्ले पर चारों ओर गुरुद्वारा की अनुकृति में संतरी के लिए मोर्चा का निर्माण कराया गया था। उसके ऊपर नियंत्रण कक्ष में बैठे दंडाधिकारी व पुलिस दूरबीन से शहर की सड़क, गली के साथ कंगन घाट की भीड़ का निगरानी करने की व्यवस्था की गई थी।
साथ नियंत्रण कक्ष में लगे सीसी कैमरे से भी मानीटरिंग स्क्रीन पर देखने की व्यवस्था की गई थी। पर्यटक थाना में महिला पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल के लिए अलग बैरक बनाया गया।
बैंक, एटीएम, मिठाई से लेकर गाइड तक की होनी थी व्यवस्था
भवन में महिला पीड़ितों की सहायता के लिए अलग काउंटर और बंदियों के लिए अलग हाजत बनाया गया। भवन में महिला श्रद्धालुओं के लिए प्रत्येक तल्ले पर अलग प्रसाधन कक्ष व प्रतीक्षालय की व्यवस्था की योजना थी।
चौक थाना में 40 से 50 पुलिस पदाधिकारियों के एक साथ बैठक व विचार-विमर्श के लिए लिए कांफ्रेंस हाल की भी सुविधा का निर्माण हुआ।
रात में विश्राम के लिए तीन कमरे व एक सूइट का निर्माण किया गया। चौक थाना के भवन में टूरिस्ट गाइड व सहायता केंद्र की भी व्यवस्था प्रकाश पर्व के दौरान की गई थी।
