विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 22, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

CM नीतीश ने NDA विधायकों को सौंपे कई टास्क, फील्ड में जाने से पहले MLA करेंगे ये काम

By Arun Ashesh Edited By: Rajesh Kumar
Published: Tue, 22 Jul 2025 10:01 AM (IST)

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए विधायकों से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए विधायकों से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया। फाइल फोटो
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए विधायकों से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया। फाइल फोटो

HighLights

  1. विधायकों को सरकार की उपलब्धियां बताने का निर्देश |
  2. पेंशन राशि में बढ़ोतरी, मुफ्त बिजली योजना |
  3. रोजगार में सरकार की अभूतपूर्व उपलब्धि |

राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए विधायकों से कहा है कि वे सरकार की शानदार उपलब्धियों को लेकर अपने क्षेत्र में जाएं। लोगों को बताएं कि पिछले 20 वर्षों में राज्य में क्या बदलाव हुए हैं। बताएं कि 2005 से पहले की सरकार आम आदमी की समस्याओं को कैसे नजरअंदाज कर रही थी।

अपराध के कारण आम आदमी का शाम के बाद घर से निकलना मुश्किल हो जाता था। वे सोमवार को विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधायक दल की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विधायकों से मानसून सत्र के दौरान सदन में हमेशा उपस्थित रहने का आग्रह किया। सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की नीतियां समाज के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं। समाज के सभी वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि में बढ़ोतरी का जिक्र किया। सामाजिक सुरक्षा की पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह कर दी गई है।

इसका लाभ एक करोड़ 11 लाख से अधिक लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पेंशन राशि में वृद्धि जून से लागू है और इसकी पहली किस्त का भुगतान भी 10 जुलाई को कर दिया गया है। उन्होंने प्रति माह 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसका लाभ 1 करोड़ 65 लाख से अधिक परिवारों को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की योजना का भी जिक्र किया। कुमार ने कहा कि सरकारी नौकरी और रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल हुई है। सरकार 12 लाख लोगों को सरकारी नौकरी और 38 लाख लोगों को रोजगार देने के लक्ष्य के करीब पहुंच गई है। अगले पांच वर्षों में नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य एक करोड़ निर्धारित किया गया है।

बैठक को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और लघु जल संसाधन मंत्री संतोष सुमन समेत कई विधायकों ने संबोधित किया।