विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रेमिका पीछे बैठती, प्रेमी झपटता था चेन; पटना में 15 वारदात के बाद ऐसे पकड़ा गया 'बंटी-बबली' गैंग

Published: Wed, 23 Sep 2026 10:01 PM (IST)

पटना पुलिस ने 'बंटी-बबली' गैंग का पर्दाफाश करते हुए एक प्रेमी जोड़े समेत छह झपटमारों को गिरफ्तार किया है। यह ...और पढ़ें

15 चेन स्नेचिंग के बाद पुलिस ने कसा शिकंजा

15 चेन स्नेचिंग के बाद पुलिस ने कसा शिकंजा

HighLights

  1. पटना में 'बंटी-बबली' गैंग के छह सदस्य गिरफ्तार।

  2. प्रेमी-प्रेमिका बाइक पर करते थे 15 चेन स्नेचिंग की वारदातें।

  3. चार सोने की चेन और दो ज्वेलर्स भी पकड़े गए।

जागरण संवाददाता, पटना। पटना में चेन स्नेचिंग की लगातार हो रही वारदातों का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कंकड़बाग पुलिस ने युवती, उसके प्रेमी समेत छह झपटमारों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नाबालिग बताए जा रहे हैं। पुलिस ने चार सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद की है। छीनी गई चेन खरीदने के आरोप में दो स्वर्ण आभूषण दुकानदारों को भी पकड़ा गया है।

15 चेन स्नेचिंग के बाद पुलिस ने कसा शिकंजा

कंकड़बाग, अगमकुआं, पत्रकार नगर और शास्त्रीनगर समेत कई थाना क्षेत्रों में करीब 15 चेन स्नेचिंग की घटनाएं हुई थीं। कई घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार अपराधियों के साथ युवती भी दिखाई दी थी। इसके बाद पुलिस ने फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर गिरोह की तलाश शुरू की।

पहले युवती की पहचान, फिर पूरे गैंग तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने युवती की पहचान की। वह मूल रूप से दीघा की रहने वाली बताई गई है और उसका ननिहाल कंकड़बाग में है। पुलिस के अनुसार, युवती अपने प्रेमी और अन्य साथियों के साथ मिलकर चेन स्नेचिंग की घटनाओं में शामिल थी।

वारदात के बाद अलग-अलग जिलों में छिपे थे आरोपित

पुलिस के मुताबिक, घटनाओं के बाद आरोपित पटना से बाहर अलग-अलग जिलों में छिप गए थे। वैशाली और मोतिहारी समेत कई जगहों पर छापेमारी की गई।

बाद में युवती और उसके प्रेमी के पटना लौटने की सूचना मिलने पर दोनों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद गिरोह के तीन अन्य आरोपित भी पकड़े गए।

आधे से भी कम कीमत पर बेचते थे छीनी गई चेन

पुलिस के अनुसार, चेन झपटने के बाद आरोपित उसे आधे से भी कम कीमत पर बेच देते थे। जांच के दौरान कंकड़बाग के दो स्वर्ण आभूषण दुकानदारों को भी गिरफ्तार किया गया। उनके पास से छीनी गई चार सोने की चेन बरामद होने की बात सामने आई है।

बाइक पर बैठी प्रेमिका करती थी रेकी

पुलिस के मुताबिक, प्रेमी और प्रेमिका बाइक से निकलते थे। युवती पीछे बैठी रहती थी और रास्ते में चेन पहने लोगों पर नजर रखती थी। मौका मिलने पर युवक चेन झपटकर पीछे बैठी युवती को दे देता था।

समस्तीपुर के ठिकाने पर कमरे में मिला सामान

पुलिस ने समस्तीपुर स्थित एक आरोपित के ठिकाने पर भी दबिश दी। वहां कमरे में नया एसी, फ्रिज समेत अन्य सामान मिला। पुलिस के अनुसार, गिरोह में शामिल कुछ आरोपित नशे के लिए भी झपटमारी करते थे।