विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में डिवाइडर से टकराई कार, तस्कर भागे तो शराब लूट की मची होड़, वायरल हुआ Video

Published: Sat, 22 Aug 2026 11:30 AM (IST)

पटना के खुसरूपुर में फोरलेन पर शराब से लदी कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद चालक व तस्कर फरार हो गए। ...और पढ़ें

HighLights

  1. शराब से भरी कार पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर दुर्घटनाग्रस्त हुई।

  2. हादसे के बाद चालक-तस्कर फरार, लोगों ने शराब लूटी।

  3. पुलिस ने 55 लीटर शराब बरामद की, जांच जारी।

संवाद सूत्र, खुसरूपुर। पटना जिले के खुसरूपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर शराब से भरी एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

कार डिवाइडर से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कार में लदी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। इसके बाद मौके पर ऐसा नजारा दिखा, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया।

बताया जाता है कि दुर्घटना के बाद कार चालक और शराब तस्कर मौके से फरार हो गए। इसी बीच सड़क पर बिखरी शराब की बोतलों को उठाने के लिए राहगीरों और आसपास के लोगों में होड़ मच गई।

लोग बोतलें उठाकर मौके से भागते नजर आए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

शराब की बोतलें उठाने में मची होड़

कार के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद सड़क पर जगह-जगह शराब की बोतलें बिखर गई थीं। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।

कई लोग पुलिस के पहुंचने से पहले ही बोतलें उठाकर ले जाते दिखाई दिए। वीडियो में कुछ लोगों को सड़क से शराब की बोतलें लेकर भागते हुए देखा जा सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही खुसरूपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया।

कार से 55 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी ली। इस दौरान कार से कुल 55 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस अब कार के मालिक और शराब तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है।

वहीं, सड़क से शराब की बोतलें उठाकर ले जाने वालों की तस्वीरें भी वायरल वीडियो में कैद हुई हैं। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है। 

हादसे के बाद सामान लूटने का फिर दिखा नजारा

सड़क हादसों के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से सामान उठा ले जाने की घटनाएं बिहार के अलग-अलग इलाकों में सामने आती रही हैं।

कभी दूध के पैकेट तो कभी अन्य सामान सड़क पर बिखरने के बाद लोग उसे लेकर भागते दिखाई देते हैं। खुसरूपुर की यह घटना भी इसी तरह का मामला है, जहां हादसे के बाद सड़क पर बिखरी शराब की बोतलें उठाने के लिए लोगों में होड़ मच गई।

फिलहाल पुलिस दुर्घटनाग्रस्त कार के चालक और शराब तस्करों की तलाश के साथ-साथ वायरल वीडियो के आधार पर शराब की बोतलें लेकर भागने वालों की पहचान में जुटी है।