पटना में मरीन ड्राइव पर कार बनी आग का गोला, ड्राइवर भागा; पुलिस खोज रही मालिक का पता
पटना के पीएमसीएच के सामने मरीन ड्राइव पर एक इनोवा क्रिस्टा कार में अचानक आग लग गई, जिससे सड़क पर ...और पढ़ें
HighLights
पीएमसीएच के सामने मरीन ड्राइव पर कार में लगी आग।
दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर पाया काबू।
कार चालक फरार, पुलिस मालिक की तलाश में जुटी।
जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी के पीरबहोर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पीएमसीएच (PMCH) के सामने मरीन ड्राइव (जेपी गंगा पथ) पर कार में अचानक भीषण आग लग गई।
देखते ही देखते कार से तेज लपटें निकलने लगीं और काला धुआं उठने लगा। आग की लपटें देखकर सड़क पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
हालांकि फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। घटनास्थल से चालक फरार हो गया था। अब उसकी तलाश की जा रही है।
सूचना मिलते ही पहुंची दमकल टीम
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया।
आग बुझाने के बाद अग्निशमन कर्मियों ने मौके की जांच भी की, ताकि दोबारा आग न भड़के। इस दौरान वहां लोगों की भारी भीड़ जुट गई। काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति रही।
चालक फरार, मालिक की तलाश
अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि कार पटना सिटी की ओर से आ रही थी और पीएमसीएच के पास आग लग गई। चालक मौके से फरार हो गया।
वाहन इनोवा क्रिस्टा बताया जा रहा है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि कार किसके नाम पर है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से आग लगी, इसकी जांच पुलिस और अग्निशमन विभाग कर रहे हैं। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
