विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में जज की गाड़ी से किसान की मौत, 2 घंटे फोरलेन जाम; ₹2.5 लाख मुआवजा मिला, 4 लाख का आश्वासन तब खुला रास्ता

Published: Fri, 18 Sep 2026 09:35 PM (IST)Updated: Fri, 18 Sep 2026 10:38 PM (IST)

पटना के अथमलगोला में मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर एक जज की गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत हो ...और पढ़ें

हादसे के बाद जुटी ग्रामीणों की भीड़

हादसे के बाद जुटी ग्रामीणों की भीड़

HighLights

  1. जज की गाड़ी की टक्कर से किसान अजीत कुमार सिंह की मौत।

  2. आक्रोशित ग्रामीणों ने मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन दो घंटे जाम किया।

  3. ढाई लाख तत्काल मुआवजा, चार लाख के आश्वासन पर जाम खुला।

जागरण संवाददाता, अथमलगोला(पटना)। थाना क्षेत्र के बिजरुक गांव के समीप शुक्रवार की देर शाम मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। न्यायाधीश का बोर्ड लगी कार की चपेट में आने से बाइक सवार किसान अजीत कुमार सिंह उर्फ मतंग कुमार (43) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने फोरलेन जाम कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, चंदा निवासी सिकंदर सिंह का पुत्र मतंग कुमार सबनिमा टाल से खेत देखकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान बिजरुक गांव के पास पीछे से आई कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।

3

जज की गाड़ी बताकर ग्रामीणों ने किया हंगामा

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। ग्रामीणों ने कार पर पथराव किया, जिससे उसका शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।

बताया गया कि कार में न्यायाधीश का बोर्ड लगा था। इसके बाद कार से उतरकर न्यायाधीश के एक लाइन होटल में शरण लेने की बात सामने आई।

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के समय गाड़ी न्यायाधीश के ड्राइवर या बॉडीगार्ड द्वारा चलाई जा रही थी। घटना के बाद चालक के मौके से फरार होने की बात भी मृतक के भाई की ओर से बताई गई है। हालांकि, चालक की पहचान और दुर्घटना की पूरी परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है।

5

दो घंटे तक दोनों तरफ फोरलेन पर लगा रहा जाम

मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने कार्रवाई एवं मुआवजे की मांग को लेकर मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन के दोनों लेन को जाम कर दिया।

करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि जाम हटाने के लिए मृतक के स्वजन को ढाई लाख रुपये मुआवजा दिया गया। साथ ही सड़क दुर्घटना में मौत के मामले में चार लाख रुपये का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और फोरलेन पर यातायात सामान्य हो सका।

1

जज साहब का नाम मधुरेंद्र, बांका में पोस्टिंग की चर्चा

मृतक के भाई ने बताया कि कार में सवार न्यायाधीश का नाम मधुरेंद्र बताया जा रहा है और उनकी पोस्टिंग बांका में होने की जानकारी मिली है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर पुलिस की ओर से न्यायाधीश की पहचान या पदस्थापन की पुष्टि समाचार संप्रेषण तक नहीं की गई थी।

पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

2

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने में जुटी पुलिस

हादसे के बाद पुलिस मृतक के शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेजने की कार्रवाई में जुट गई। वहीं, दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होगा कि हादसे के वक्त वाहन कौन चला रहा था और दुर्घटना किस परिस्थिति में हुई।

हादसे के बाद फोरलेन पर हुए हंगामे और करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहने से आसपास के इलाके में भी अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।