Bank Closed: आज से 3 दिन बंद रहेंगे बैंक, 26 अक्टूबर से होगी अनिश्चितकालीन हड़ताल
बैंक कर्मचारी और अधिकारी अपनी लंबित मांगों, विशेषकर पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।

बैंकों में तीन दिन का अवकाश, 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की तैयारी (AI Generated Image)
HighLights
पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की प्रमुख मांग।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने अनिश्चितकालीन हड़ताल बुलाई।
शुक्रवार की हड़ताल के कारण बैंक तीन दिन बंद रहेंगे।
जागरण संवाददाता, पटना। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बैंक कर्मचारी और अधिकारी संगठन आंदोलन की राह पर हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 26 अक्टूबर, 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया है।
इससे पहले शुक्रवार को एक दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया गया है। ऐसे में शनिवार व रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बैंक तीन दिनों तक बंद रहेंगे। यूनियनों का कहना है कि सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से मांगों पर ठोस पहल नहीं होने के कारण आंदोलन का निर्णय लिया गया है।
मुख्य श्रम आयुक्त और उप मुख्य श्रम आयुक्त की पहल पर 8 और 9 सितंबर को सुलह बैठक हुई। इसमें बात नहीं बनीं।
ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कंफेडेरेशन के वरीय उपाध्यक्ष अमरेश विक्रमादित्य ने बताया कि मई 2015 में भारतीय बैंक संघ (आइबीए) और बैंक प्रबंधन के साथ हुए समझौते में दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश घोषित किया गया था।
साथ ही, अन्य शनिवारों को भी अवकाश देने की दिशा में आगे प्रयास करने पर सहमति बनी थी। नवंबर 2020 के समझौते में भी इस मुद्दे पर समाधान का आश्वासन दिया गया।
मार्च 2024 के वेतन समझौते में शेष शनिवारों को अवकाश देने पर सहमति बनी और इसके बदले सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त कार्य करने पर यूनियनों ने सहमति जताई। इस प्रस्ताव को वित्त मंत्रालय की स्वीकृति के लिए भेजे जाने के बावजूद मामला अब तक लंबित है।
अन्य जगहों पर लागू है पांच दिन कार्य प्रणाली
यूनियनों का तर्क है कि केंद्र व राज्य सरकार के कार्यालयों, आरबीआई, एलआईसी, जीआईसी, नाबार्ड और कई निजी संस्थानों में पांच दिन कार्यप्रणाली लागू है।
उनका कहना है कि पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था से ग्राहकों के बैंकिंग समय में कमी नहीं होगी, क्योंकि सप्ताह के अन्य दिनों में अतिरिक्त कार्य समय की भरपाई की जाएगी।
