विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना के अटल पथ पर स्कॉर्पियो ने सात युवकों को कुचला, नौवीं के छात्र दीपक की मौत; छह घायल

By Shubham KumarEdited By: Radha Krishna
Published: Mon, 19 Oct 2026 12:01 PM (IST)

पटना के अटल पथ पर दुर्गा पूजा मेला देखकर लौट रहे सात युवकों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार ...और पढ़ें

HighLights

  1. पटना अटल पथ पर स्कॉर्पियो ने युवकों को रौंदा।

  2. दुर्गा पूजा मेला देखकर लौट रहे थे सात युवक।

  3. हादसे में एक की मौत, छह अस्पताल में भर्ती।

जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी पटना में दुर्गा पूजा का मेला देखकर घर लौट रहे युवकों के लिए रविवार की देर रात दर्दनाक हादसे में बदल गई। पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के महेशनगर के पास अटल पथ पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पैदल जा रहे सात युवकों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद अनियंत्रित गाड़ी पलट गई और करीब 80 मीटर दूर जाकर गिरी। दुर्घटना में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

मेला देखकर लौट रहे थे सात युवक, रास्ते में हुआ हादसा

घायल रणवीर कुमार के अनुसार, सात युवक दुर्गा पूजा का मेला देखकर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर उनकी ओर आई और कई युवकों को अपनी चपेट में ले लिया।

अचानक हुई इस घटना से किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे में घायल रणवीर कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि वह पटना के सहयोग अस्पताल के आइसीयू में उपचाराधीन हैं।

टक्कर के बाद पलटी स्कॉर्पियो, 80 मीटर दूर जाकर गिरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। लोगों को कुचलने के बाद चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन पलट गया।

पलटने के बाद स्कॉर्पियो उछलते हुए करीब 80 मीटर दूर जाकर गिरी। हादसे के बाद सड़क पर कांच के टुकड़े और राहगीरों का सामान बिखर गया। आसपास के लोगों ने घायलों को संभाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

नौवीं के छात्र दीपक की मौत से परिवार में मातम

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान दीपक कुमार के रूप में बताई गई है। परिजनों के अनुसार, दीपक नौवीं कक्षा का छात्र था और रविवार शाम करीब 6:15 बजे घर से दुर्गा पूजा का मेला देखने निकला था।

उसके पिता सतेंद्र मिश्री ने बताया कि रात करीब 11:45 बजे पाटलिपुत्र थाने से हादसे की सूचना मिली। इसके बाद परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा है।

पांच घायलों की पहचान, एक की पहचान नहीं

हादसे में घायल छह युवकों में पांच की पहचान रणवीर कुमार (15), मोहित कुमार (13), दीपक कुमार (14), पीयूष कुमार (15) और अमरजीत कुमार (14) के रूप में हुई है।

एक अन्य घायल की पहचान नहीं हो सकी है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में एक युवक की मौत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच ले जाया गया।

सड़क पर घायल पड़े रहे लोग, मदद के लिए दौड़े स्थानीय लोग

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब 200 मीटर के दायरे में लोग घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े मिले।

स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायलों को उठाया और अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। नवरात्रि और दुर्गा पूजा के दौरान सड़क पर लोगों की आवाजाही के बीच हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।

स्कॉर्पियो पर लगा था जदयू का झंडा, जांच में जुटी पुलिस

जिस स्कॉर्पियो से हादसा हुआ, उस पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का झंडा लगा था। वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 01 JY 6754 बताया गया है।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, चालक की भूमिका क्या थी और हादसे के लिए कौन-से कारण जिम्मेदार थे, इन सभी बिंदुओं पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।