विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

B.Ed परीक्षा में बड़ा खेल: बिहार से बैठाया गया 'फर्जी परीक्षार्थी', पटना से मास्टरमाइंड गिरफ्तार

Published: Thu, 17 Sep 2026 09:13 PM (IST)

बीएड प्रवेश परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थी की जगह फर्जी परीक्षार्थी बैठाने के मामले में वाराणसी पुलिस ने बिहार से एक ...और पढ़ें

युवक पर परीक्षा में फर्जीवाड़े का आरोप

युवक पर परीक्षा में फर्जीवाड़े का आरोप

HighLights

  1. बीएड प्रवेश परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी बैठाने का मामला सामने आया।

  2. वाराणसी पुलिस ने पटना से मुख्य आरोपित रोशन राज को गिरफ्तार किया।

  3. आरोपित पर फर्जी परीक्षार्थी व दस्तावेज तैयार करने का आरोप है।

डिजिटल डेस्क, पटना। बीएड प्रवेश परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थी की जगह फर्जी परीक्षार्थी बैठाने के मामले में वाराणसी पुलिस ने बिहार से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। कपसेठी पुलिस ने बुधवार देर रात पटना से रोशन राज को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, आरोपित पर फर्जी परीक्षार्थी की व्यवस्था कराने और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने का आरोप है। वह पूर्वी चंपारण के बड़ा बाजार कल्याणपुर का रहने वाला बताया गया है।

पूर्वी चंपारण के युवक पर परीक्षा में फर्जीवाड़े का आरोप

पुलिस के मुताबिक, रोशन राज ने बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थी की जगह किसी अन्य महिला को बैठाने की व्यवस्था की थी। इसके लिए अभ्यर्थी से आधार कार्ड, प्रवेश पत्र और फोटो लिए गए थे।

इन दस्तावेजों के आधार पर कथित तौर पर फर्जी कागजात तैयार किए गए। पुलिस का कहना है कि रोशन ने परीक्षा से जुड़ी पूरी व्यवस्था की थी।

31 मई को वाराणसी में पकड़ी गई थी फर्जी परीक्षार्थी

मामला 31 मई का है। वाराणसी के सेवापुरी में आयोजित बीएड प्रवेश परीक्षा के दौरान श्रेया भारती के स्थान पर परीक्षा दे रही तनिषा कुमारी को पकड़ा गया था।

पूछताछ में श्रेया भारती ने पुलिस को बताया था कि उसने अपनी सहेली प्रीति के माध्यम से रोशन राज से संपर्क किया था। आरोप है कि रोशन ने उसके स्थान पर दूसरी महिला से परीक्षा दिलाने का आश्वासन दिया था।

पटना की लाइब्रेरी से पुलिस ने दबोचा

पुलिस ने श्रेया भारती को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद मामले में रोशन राज की तलाश शुरू हुई।

कपसेठी पुलिस ने सीडीआर और लोकेशन की मदद से उसकी गतिविधियों का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने पटना के बाजार समिति, बहादुरपुर स्थित डायरेक्शन लाइब्रेरी से रोशन को गिरफ्तार कर लिया।

मोबाइल और फर्जी दस्तावेज बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से मोबाइल फोन, 220 रुपये नकद और फर्जी परीक्षार्थियों के आधार कार्ड की छायाप्रतियां बरामद की हैं।

इसके अलावा श्रेया भारती के उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के प्रवेश पत्र की छायाप्रति भी पुलिस को मिली है। पुलिस इन दस्तावेजों को जांच का अहम हिस्सा मान रही है।

कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेजा गया

थानाध्यक्ष कपसेठी विकास कुमार के अनुसार, आरोपित के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

न्यायालय से आदेश मिलने के बाद रोशन राज को जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले में जुड़े अन्य लोगों और परीक्षा में फर्जीवाड़े के पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।