विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाहर से ताला, अंदर छिपा था 25 हजार का इनामी मुशीर; ढाई करोड़ की जमीन ठगी के आरोपित को बिहार पुलिस ने दबोचा

Published: Wed, 16 Sep 2026 08:40 PM (IST)

जमीन दिलाने के नाम पर सेवानिवृत्त सेना जवानों सहित कई लोगों से ढाई करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने ...और पढ़ें

आरोपित मुशीर अहमद गिरफ्तार

आरोपित मुशीर अहमद गिरफ्तार

HighLights

  1. ढाई करोड़ से अधिक की जमीन ठगी का आरोपी गिरफ्तार।

  2. सेवानिवृत्त सेना जवानों को जमीन दिलाने का झांसा दिया।

  3. 25 हजार का इनामी मुशीर अहमद पटना से पकड़ा गया।

जागरण संवाददाता, पटना। जमीन दिलाने के नाम पर सेवानिवृत्त सेना जवानों समेत करीब दर्जनभर लोगों से ढाई करोड़ रुपये से अधिक की ठगी के आरोपित मुशीर अहमद को कोतवाली थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

वह पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के रोड नंबर तीन स्थित एक फ्लैट में छिपा था। पुलिस जब फ्लैट के बाहर पहुंची तो ताला लगा मिला, लेकिन रेकी के दौरान उसके अंदर मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने ताला तोड़कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

कंपनी बनाकर जमीन देने का झांसा

पुलिस के अनुसार मुशीर अहमद और उसके साझीदार सुदामा सिंह ने कबीर कालोनाइजर एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड नाम से रियल एस्टेट कंपनी बनाई थी।

आरोप है कि कंपनी के माध्यम से लोगों को जमीन दिलाने का भरोसा देकर रुपये लिए गए। किसी से एक तो किसी से आठ कट्ठा जमीन देने के नाम पर रकम ली गई। मामला करीब 40 कट्ठे जमीन से जुड़ा बताया गया है।

ज्यादातर पीड़ित सेवानिवृत्त फौजी

जांच में सामने आया कि सुदामा सिंह खुद सेना से सेवानिवृत्त था और उसके सेवानिवृत्त जवानों से संपर्क थे। पुलिस के अनुसार इसी संपर्क के जरिए कई लोगों को जमीन दिलाने का भरोसा दिया गया।

आरोप है कि रुपये लेने के बाद न जमीन दी गई और न रकम लौटाई गई। इसके बाद पीड़ितों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

साझीदार सुदामा भी पहले हो चुका गिरफ्तार

एसडीपीओ विधि-व्यवस्था-1 कृष्ण मुरारी प्रसाद के अनुसार मुशीर की गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी जा रही थी। उसके साझीदार और 25 हजार रुपये के इनामी सुदामा सिंह को तीन दिन पहले बिहटा से गिरफ्तार किया जा चुका है। मुशीर के भाई को भी करीब एक वर्ष पहले सीवान से गिरफ्तार किया गया था।

आठ से 11 लाख रुपये कट्ठा का झांसा

कोतवाली थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार आरोपितों पर आठ से 11 लाख रुपये प्रति कट्ठा की दर से जमीन देने का झांसा देने का आरोप है।

दानापुर की एक महिला से नौबतपुर में आठ कट्ठा जमीन दिलाने के नाम पर करीब 83 लाख रुपये लेने की बात सामने आई है। अन्य लोगों से भी अलग-अलग रकम लिए जाने का आरोप है।

बैंक खातों और दूसरे सौदों की जांच

मुशीर के खिलाफ कोतवाली थाने में 10 तथा नौबतपुर और कदमकुआं थाने में एक-एक मामला दर्ज है। ये मामले वर्ष 2021 से 2024 के बीच दर्ज हुए थे।

पुलिस अब कंपनी के जरिए हुए अन्य जमीन सौदों, आरोपितों के बैंक खातों और कथित ठगी की रकम के लेन-देन की भी जांच कर रही है।