पटना में 13 वर्षीय किशोर की पीट-पीटकर हत्या, दो नाबालिग हिरासत में
पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय कबीर कश्यप की दो नाबालिगों द्वारा मारपीट के बाद मौत हो गई। ...और पढ़ें

सिर में गंभीर चोट के कारण बिगड़ी हालत
HighLights
13 वर्षीय कबीर कश्यप की मारपीट में मौत।
दो नाबालिगों ने ईंट से सिर पर हमला किया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों को पकड़ा।
जागरण संवाददाता, पटना। गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय कबीर कश्यप की मारपीट में मौत का मामला सामने आया है। घटना 30 अगस्त की है, जब दो नाबालिगों ने कथित तौर पर कबीर के साथ मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल कबीर को स्वजन ने पीएमसीएच में भर्ती कराया था। मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गर्दनीबाग थानाध्यक्ष के अनुसार, स्वजन के बयान पर दो नाबालिगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने दोनों को निरुद्ध कर लिया है। कबीर गौतम नगर जनता रोड निवासी टिंकू राम का पुत्र था और अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
घर से बुलाकर ले गए थे दोनों नाबालिग
मिली जानकारी के अनुसार, 30 अगस्त को दो स्थानीय नाबालिग कबीर को उसके घर से बुलाकर नौरंगी स्कूल के पास ले गए थे। मृतक के मामा की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वहां दोनों ने कबीर के साथ मारपीट की।
शिकायत के मुताबिक, एक नाबालिग ने कबीर को पकड़ रखा था, जबकि दूसरे ने ईंट से उसके सिर पर हमला किया। घटना के बाद कबीर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन उसे तत्काल इलाज के लिए पीएमसीएच ले गए, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार शुरू किया गया।
सिर में गंभीर चोट के कारण बिगड़ी हालत
अस्पताल में जांच के दौरान कबीर के सिर में अंदरूनी चोट और खून का थक्का जमने की बात सामने आई। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन करीब दो दिनों तक उपचार के बाद मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गर्दनीबाग थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार के सदस्यों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपितों की पहचान
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में दोनों नामजद नाबालिगों के दिखाई देने के बाद उनकी पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को निरुद्ध कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया है। जांच में घटना के पीछे के कारणों और अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
